संध्या समय न्यूज संवाददाता
War 2 की रिलीज़ से पहले मेकर्स ने फैंस का उत्साह बढ़ाते हुए फिल्म के पहले गाने ‘आवन जावन’ का ऐलान कर दिया है। निर्देशक अयान मुखर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बताया कि यह फिल्म का पहला गाना है, जो एक ग्रूवी और रोमांटिक ट्रैक होगा। इस गाने में पहली बार ऋतिक रोशन और कियारा आडवाणी की जोड़ी बड़े पर्दे पर रोमांस करती नजर आएगी।
अयान मुखर्जी ने अपने पोस्ट में यह भी खुलासा किया कि ब्रह्मास्त्र के सुपरहिट गाने ‘केसरिया’ की पूरी टीम एक बार फिर ‘आवन जावन’ के लिए साथ आई है। इस गाने में संगीत प्रीतम, बोल अमिताभ भट्टाचार्य और आवाज़ अरिजीत सिंह की होगी।
अयान ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “प्रीतम दादा, अमिताभ (भट्टाचार्य), अरिजीत (सिंह), और पहली बार स्क्रीन पर साथ नजर आ रहे ऋतिक और कियारा की खूबसूरत एनर्जी। ‘आवन जावन’ इटली शूट के दौरान हमारा साउंडट्रैक था। इसे बनाना ‘War 2’ की सबसे खुशी भरी यादों में से एक रहा। अब इस हफ्ते इसे सभी के साथ साझा करने का इंतजार नहीं कर सकता।”
निर्देशक के इस पोस्ट के बाद फैंस के बीच गाने को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। खास बात यह है कि ऋतिक रोशन और कियारा आडवाणी पहली बार किसी फिल्म में साथ दिखाई देंगे, जिससे उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री देखने का इंतजार भी बढ़ गया है।
कब रिलीज होगी War 2?
War 2 14 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में रिलीज़ होगी। फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त चर्चा है और अब पहले गाने ‘आवन जावन’ की घोषणा ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
























