West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान मुर्शिदाबाद से तनाव की खबरें सामने आई हैं। यहां मतदान के दौरान आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई और सुरक्षाकर्मियों से भी धक्कामुक्की की गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
क्यों भड़का विवाद?
जानकारी के अनुसार, हुमायूं कबीर उस इलाके का दौरा कर रहे थे, जहां से एक दिन पहले (रात में) कच्चा बम फेंके जाने की घटना सामने आई थी। इसी दौरान उनकी TMC समर्थकों से भिड़ंत हो गई। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तरफ हुमायूं कबीर खड़े हैं, तो दूसरी तरफ TMC समर्थकों की भारी भीड़ जमा है। दोनों पक्ष आमने-सामने हो लिए और भिड़ने को तैयार नजर आ रहे थे। हालांकि, मौके पर मौजूद भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने स्थिति को काबू में कर लिया और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की गई।
पुलिस का दावा- ‘कहीं कुछ नहीं हुआ’
इस पूरे मामले पर मुर्शिदाबाद के एएसपी (ASP) माजिद खान ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से बयान दिया। उन्होंने कहा, “हालात पूरी तरह शांतिपूर्ण हैं। कहीं भी कुछ नहीं हुआ है।”
हुमायूं कबीर ने क्या कहा?
इस घटना के बाद AJUP संस्थापक हुमायूं कबीर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “नओडा, रेजीनगर और मुर्शिदाबाद की सभी 22 सीटों पर शांतिपूर्ण चुनाव हो रहे हैं। हालांकि, नओडा के बूथ नंबर 9 और 10 पर रात में कुछ गड़बड़ी हुई और स्थानीय पुलिस का बैग छीन लिया गया।” उन्होंने कच्चे बम फेंकने की घटना पर कहा, “कोशिश की गई लेकिन कुछ हुआ नहीं… लोगों को शांति से चुनाव में भाग लेना चाहिए। हमारा किसी को मारने का या धमकाने का मकसद नहीं है।”
डोमकल में वोटिंग की धमकी का आरोप
वहीं, मुर्शिदाबाद के डोमकल इलाके से एक और गंभीर आरोप सामने आया है। यहां मतदाताओं के एक बड़े वर्ग का दावा है कि TMC कार्यकर्ता उन्हें धमका रहे हैं। मतदाताओं का कहना है कि उन्हें चेतावनी दी जा रही है कि अगर उन्होंने वोट डालने की कोशिश की तो उन पर हमला किया जाएगा।
सुबह 9 बजे तक का मतदान प्रतिशत
पश्चिम बंगाल में मतदान के शुरुआती घंटों में वोटिंग का आंकड़ा सामने आया है। सुबह 9 बजे तक राज्य में कुल 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिलेवार आंकड़ों को देखें तो पश्चिम मेदिनापुर में सबसे ज्यादा 20.5 प्रतिशत, बांकुरा में 20.2 प्रतिशत और झारग्राम में 19.8 प्रतिशत मतदान हुआ। मुर्शिदाबाद में धमकी और झड़प की खबरों के बीच कितना प्रतिशत वोट पड़ा, इसका पूरा आंकड़ा शाम तक साफ हो पाएगा।

























