UP News:उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां मेकअप के सामान को लेकर हुए विवाद ने शादी का रिश्ता तो तोड़ ही दिया, बल्कि खुशी के माहौल में जमकर ईंट-पत्थर भी चले। दरअसल, दूल्हा पक्ष द्वारा लाए गए मेकअप के सामान को दुल्हन ने कम पाया और साफ इनकार कर दिया कि वह शादी नहीं करेगी। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव शुरू हो गया।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
मामला नहटौर थाना क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल का है। नूरपुर (मोहल्ला इस्लाम नगर) निवासी एक युवक की शादी नहटौर के गांव जसमौरा की युवती के साथ तय हुई थी। बुधवार (8 अप्रैल) की रात नहटौर-धामपुर मार्ग पर स्थित बैंक्वेट हॉल में बारात पहुंची। जैसे ही शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं, तभी अचानक दुल्हन नाराज हो गई और उसने शादी से मना कर दिया। दुल्हन का कहना था कि दूल्हा पक्ष ने मेकअप का सामान बहुत कम लाया है।
खुशी का माहौल बना युद्धभूमि
दुल्हन के इस अचानक फैसले से मौके पर सन्नाटा पसर गया। कुछ ही पलों में शादी का खुशी का माहौल तनावपूर्ण हो गया। जब दूल्हा पक्ष के लोगों ने दुल्हन को समझाने की कोशिश की, तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में आरोप-प्रत्यारोप लगते हुए जमकर बहस हुई, जो बाद में कहासुनी और फिर मारपीट में बदल गई।
यह भी पढ़ें : जाने हर महीने जन्माष्टमी व्रत रखने के 4 बड़े आध्यात्मिक और लौकिक कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस पथराव में दूल्हे की कार के शीशे धड़ाम से टूट गए और गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के भाई की पिटाई भी कर दी, हालांकि किसी तरह वह अपनी जान बचाकर भाग निकला। इस हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस पहुंची और फिर हुआ समझौता
हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंचा और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। कोतवाल रविन्द्र प्रताप ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, देर रात बिरादरी के जिम्मेदार और बुजुर्गों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। समझौते की शर्तों के अनुसार, अब यह शादी नहीं होगी। बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई और इस शर्त पर राजी हुआ गया कि दूल्हा पक्ष शादी की तैयारियों के दौरान दुल्हन पक्ष का जो खर्चा हुआ है, उसकी भरपाई करेगा। बताया जा रहा है कि दूल्हा और दुल्हन आपस में पहले से ही रिश्तेदार हैं।























