Rajasthan News: राजस्थान के अलवर में शादी कराने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर गिरोह ने पहले तो दुल्हन बनाकर एक युवक को अपना शिकार बनाया, सुहागरात पर परिवार को नशीला पदार्थ मिला दूध पिलाकर लाखों का माल लूट लिया। जब पीड़ित ने शिकायत की, तो ठगों ने दूसरी शादी करवा दी, लेकिन हकीकत यह निकली कि दूसरी दुल्हन तलाकशुदा थी। अब वह भी पैसों की मांग को लेकर रिश्ता तोड़ने की धमकी दे रही है। पूरे मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल दहला देने वाली वारदात
बता दें कि मामला अलवर शहर के प्रेम नगर स्थित मेहताब सिंह का नोहरा का है, जहां निवासी अजय शर्मा की शादी नहीं हो रही थी। इसी बीच उसकी मुलाकात माचाड़ी निवासी बंटी से हुई। बंटी ने जून 2025 में अजय की मुलाकात मनोहर उर्फ पप्पी पंडित से कराई। आरोपियों ने एक युवती निशा की फोटो दिखाकर कहा कि वह मध्य प्रदेश की रहने वाली है और उसके पिता गंभीर रूप से बीमार हैं। शादी कराने के एवज में इलाज और अन्य खर्चों के नाम पर उन्होंने करीब 3 लाख रुपये की मांग की।

सुहागरात पर खेला खूनी खेल
पीड़ित अजय शर्मा ने बताया कि शुरू में उन्होंने 30 हजार रुपये दिए। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को निशा को उसके कथित रिश्तेदारों के साथ अलवर लाया गया। टेल्को चौराहे के पास मनोहर उर्फ पप्पी को 2.30 लाख रुपये कैश दिए गए। पांच दिन तक युवती यहां रही, जिस दौरान परिवार ने उसके लिए करीब 60 हजार रुपये के कपड़े, लहंगा, जेवरात और मेकअप का सामान खरीदा। शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई।
वारदात 17 जनवरी 2026 की रात को हुई। सुहागरात के मौके पर दुल्हन ने पूरे परिवार को और दूल्हे को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब सुबह परिवार की आंख खुली तो दुल्हन घर से गायब थी। घर से करीब 3 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और महंगे जेवरात भी साथ गायब थे। युवती के साथ आए सभी कथित रिश्तेदार भी फरार हो चुके थे।
शिकायत पर ठगों ने करवाई दूसरी शादी
जब अजय ने बंटी और मनोहर से शिकायत की, तो उन्होंने हाथ खड़े करने के बजाय दूसरी शादी करवाने का ऑफर दिया। इस बार उन्होंने तलाकशुदा महिला आरती को दुल्हन बनाने का प्लान बनाया। 23 जनवरी 2026 को आरती अपने भाई राम, तन्मय, मां और दोस्त छगन समेत अन्य लोगों के साथ अलवर पहुंची। काशीराम चौराहे स्थित धर्मशाला में 300-400 लोगों के भोजन की व्यवस्था कर शादी रचाई गई। इस दौरान भी आरोपियों ने किराया, ब्यूटी पार्लर और अन्य खर्चों के नाम पर हजारों रुपये ऐंठे।
10 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी
शादी के बाद आरती कुछ दिन रही, लेकिन 26 जनवरी 2026 को भतीजे के जन्मदिन का बहाना बनाकर 4 हजार रुपये लेकर मायके चली गई और वापस नहीं आई। जब परिवार वाले उसे लेने गए, तो आरोपियों ने और पैसों की मांग करते हुए रिश्ता तोड़ने की धमकी दी। शिवरात्रि पर भी महिला थोड़ी देर के लिए आई और फिर चली गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उनसे करीब 3.60 लाख रुपये नकद लिए, जबकि शादी समारोह और अन्य व्यवस्थाओं में 6.50 लाख रुपये खर्च करवा दिए। इस तरह कुल मिलाकर उन्हें 10 लाख रुपये से अधिक का चूना लगा।
पुलिस कार्रवाई
परेशान युवक ने कोतवाली थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने युवती सहित 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक गिरोह बनाकर काम करते हैं और जिन लोगों की शादी देर से होती है, उन्हें निशाना बनाते हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।























