UP News: ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आगसा) की ओर से आज जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के समीप अमर शहीद वीर कुंवर सिंह उद्यान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता आगसा के संस्थापक संरक्षक अरविंद गोंडवाना ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से एक बड़ी घोषणा करते हुए उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के तहसील-मेंहनगर अंतर्गत ग्राम सिंहपुर निवासी शैलेश कुमार गोंड को ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आगसा) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
संगठन के संस्थापक संरक्षक अरविंद गोंडवाना ने नवनियुक्त अध्यक्ष को पद एवं गरिमा की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
“खोने के लिए कुछ नहीं, पाने के लिए बहुत कुछ”
शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश कुमार गोंड ने सम्बोधित करते हुए कहा कि वे आदिवासी जनजाति और गोंड समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर और संघर्षशील रहेंगे।
उन्होंने कहा, “हमारे पास अब खोने के लिए कुछ भी नहीं है, लेकिन शिक्षा और संगठन के बल पर पाने के लिए बहुत कुछ है। इसलिए हमें अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु संगठित संघर्ष छेड़ने की आवश्यकता है।”*
9 अगस्त को लखनऊ में विराट प्रदर्शन
नए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समुदाय के लोगों से आगामी 9 अगस्त 2026 को विश्व आदिवासी दिवस पर लखनऊ में आयोजित होने वाले विराट प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान आदिवासी गोंडऊ नाच, गोंडऊ बाजा और हुरुका के साथ झांकी निकाली जाएगी। उन्होंने गांव-गांव में अभी से प्रचार-प्रसार शुरू कर अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने के लिए आदिवासी जनजाति गोंड समुदाय के लोगों का आह्वान किया है।




















