ऋषी तिवारी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर संसद में भारी बहस और हंगामा देखने को मिला। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला, जबकि भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के साथ उनके बीच गरमागरम बहस का दृश्य भी देखा गया।
‘पहली बार हुआ ऐसा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया’
सदन में बोलते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ऐसा पहली बार हुआ है जब लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को बोलने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, “जब मैंने सदन में प्रधानमंत्री मोदी के कॉम्प्रोमाइज होने का मुद्दा उठाया, तो मुझे रोक दिया गया।” कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कहा, “यह सदन भारत के लोगों की अभिव्यक्ति है। यह किसी एक पार्टी को नहीं, बल्कि पूरे देश को रिप्रेजेंट करता है। हर बार जब हम बोलने के लिए उठते हैं, तो हमें बोलने से रोक दिया जाता है।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पिछली बार जब उन्होंने बात की थी, तो उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा किए गए समझौतों के बारे में एक बुनियादी सवाल उठाया था, लेकिन उन्हें रोक दिया गया।
सरकार का ध्यान विपक्ष के नेता पर: कांग्रेस
इस दौरान कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने भी सत्ता पक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता ने सभी बातों को स्पष्ट रूप से रखा, लेकिन दुखद है कि सरकार की भाषा और ध्यान विपक्ष के नेता पर है। उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ नहीं, बल्कि विपक्ष के नेता के खिलाफ है। इससे स्पष्ट होता है कि वे विपक्ष के नेता से काफी घबराए हुए हैं।”
गोविंदा-सुनीता की 39 साल पुरानी शादी में दरार? बेटी टीना ने खोला राज
अन्य नेताओं ने भी साधा हमला
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने एपस्टीन फाइल और भारत-अमेरिका ट्रेड डील का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री पर हमला किया। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद आनंद भदौरिया ने लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद का नाम प्रस्तावित किया। बता दें कि लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ इस अविश्वास प्रस्ताव को कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने सदन में प्रस्तुत किया था, जिस पर चर्चा के लिए कुल 9 घंटे का समय आवंटित किया गया है।

























