UP News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नीट (NEET) की छात्रा का अपहरण करके 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के साथ आरोपियों ने इतनी हैवानियत की कि उसे हर दो घंटे में नशीले इंजेक्शन दिए गए और सिगरेट से दागा गया। पुलिस ने 16 दिन की मशक्कत के बाद छात्रा को बरामद कर लिया है, लेकिन उसने जो आपबीती सुनाई है, वह किसी को भी रूह कंपा देने वाली है।
कोचिंग से लौटते समय हुआ अपहरण
मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली 25 वर्षीय युवती महोबा शहर में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बीती 30 अप्रैल को जब वह कोचिंग से अपने घर वापस लौट रही थी, तभी कार सवार कुछ बदमाशों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। आरोपी उसे लेकर प्रयागराज चले गए, जहाँ उसे 16 दिनों तक एक कमरे में बंदकर रखा गया।
16 दिनों तक चला दरिंदों का अत्याचार
पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपियों में शामिल उसी गांव का मोहित श्रीवास, अंकित श्रीवास, हल्लू राजपूत समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने उसके साथ बेरहमी की। कैद के दौरान उसे हर दो घंटे में नशीले इंजेक्शन दिए गए ताकि वह विरोध न कर सके। आरोपी मोहित ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जब वह विरोध करती थी, तो दरिंदे उसे सिगरेट से दाग देते और चाकू से वार करते थे। आरोपियों ने उसे उसके भाई की फोटो दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, मोहित ने जबरन उससे शादी भी रचवा ली।
पुलिस ने की कार्रवाई, तीन गिरफ्तार
इस मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) वंदना सिंह ने बताया कि 1 मई को छतरपुर निवासी महिला ने अपनी 25 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार टीमों का गठन किया और तलाश शुरू की। 16 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद 16 मई को पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। पीड़िता के बयान के आधार पर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पीड़िता की मांग- दोषियों को फांसी की सजा
इस वीभत्स घटना के बाद पीड़िता गहरे सदमे में है। उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगाते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। वर्तमान में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसकी सेहत का ध्यान रख रही है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण (MLC) कराया जा चुका है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा, की सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश है। वहीं, इस मामले पर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़िता से फोन पर बात की है और उसे हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
कांग्रेस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़िता को बेहतर इलाज मुहैया कराने की मांग की है। पार्टी ने ऐलान किया है कि जल्द ही एक प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल पीड़िता से मिलने महोबा पहुंचेगा। शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान एकत्रित साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






















