UP News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में आज शनिवार को एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार पीछे से एक कंटेनर में जा घुसी। इस भीषण टक्कर में कार सवार सभी 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सभी लोग हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटने के निर्देश दिए हैं।
जाने कहा हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के सियरहा गांव के समीप पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 238 पर शनिवार शाम करीब 4 बजे हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार के परखच्चे उड़ गए।
5 लोगों की मौके पर मौत
बता दें कि हादसा इतना भयावह था कि कार सवार पांचों लोगों ने राहत देखने से पहले ही दम तोड़ दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक सभी लोग हरियाणा के निवासी हैं, फिलहाल उनकी सटीक पहचान का प्रक्रिया जारी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिस कारण चालक कंटेनर को देख नहीं पाया और यह गंभीर दुर्घटना हो गई।
घंटों बाद मिली सूचना
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के कई घंटे बीत जाने के बाद एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही मौके पर कंधरापुर और कोतवाली पुलिस के साथ-साथ यूपीडा के राहत कर्मी पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकाला।
सीएम योगी ने जताया शोक
इस भीषण हादसे पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। सीएम योगी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, यदि कोई घायल होता है तो उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।




















