संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को थाना सेक्टर-126 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 7 लैपटॉप, 19 मोबाइल फोन, 1 स्मार्ट वॉच, 6 लैपटॉप चार्जर और 2 ईयरबड्स बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार भी पुलिस ने बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार, थाना सेक्टर-126 पुलिस ने आज सुबह सूचना के आधार पर मौ. इमरान पुत्र निजामुद्दीन और सुशील कुमार उर्फ टेरा पुत्र विष्णु को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी खास तौर पर PG, हॉस्टल और किराये के कमरों को निशाना बनाते थे। गर्मियों के दौरान जब कई लोग गर्मी की वजह से अपने कमरों के दरवाजे खोलकर सोते हैं, उसी दौरान आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आमतौर पर रात 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच चोरी करते थे। वे रात में इलाके में घूमकर ऐसे कमरों की तलाश करते थे, जहां लोग दरवाजा खोलकर सो रहे हों। इसके बाद दबे पांव कमरे में घुसकर लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे अब तक करीब 35 से 40 लैपटॉप और 100 से अधिक मोबाइल फोन चोरी कर चुके हैं। चोरी किए गए सामान को अलग-अलग जगहों पर बेचने की बात भी आरोपियों ने बताई है।
पुलिस अब आरोपियों द्वारा बेचे गए चोरी के सामान और उससे जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। बरामद सामान के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और गर्मियों के दिनों में चोरी की घटनाओं को अधिक अंजाम देते थे। आरोपी सुशील कुमार उर्फ टेरा के खिलाफ पहले से 6 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
थाना सेक्टर-126 पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं और चोरी के सामान को खरीदने-बेचने वाले लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



























