Jeera Water Benefits: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बेहतर फिटनेस और वजन कम करने के लिए लोग जिम और डाइटिंग के साथ-साथ घरेलू नुस्खों पर भरोसा कर रहे हैं। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज से लेकर फिटनेस एक्सपर्ट्स तक अपनी सुबह की शुरुआत डिटॉक्स ड्रिंक्स से करते हैं। इन ड्रिंक्स में सबसे सुपरहिट है ‘जीरा पानी’। इसे पेट की चर्बी कम करने और मेटाबॉलिज्म बूस्ट करने का रामबाण इलाज माना जाता है।
लेकिन, क्या आप जानते हैं कि गलत तरीके से पीया गया जीरा पानी फायदे के बजाय नुकसान पहुंचा सकता है? आयुर्वेद के अनुसार, किसी भी औषधि का असल लाभ तभी मिलता है जब उसे सही विधि और सही समय पर लिया जाए। आइए जानते हैं जीरा पानी पीने का सबसे सही तरीका।
आयुर्वेद में जीरे का महत्व
आयुर्वेद के मुताबिक, जीरा पेट की रुकी हुई पाचन शक्ति (अग्नि) को दोबारा जगाने का काम करता है। इससे भूख अच्छी लगती है और शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं। हालांकि, जल्दी वजन कम करने के चक्कर में अगर आप दिनभर या बहुत ज्यादा जीरा पानी पी लेते हैं, तो यह पेट में हानिकारक साबित हो सकता है।
जीरा पानी बनाने का सही और सबसे प्रभावी तरीका
- भिगोकर रखना: एक गिलास पानी में एक चम्मच जीरा डालकर रात भर के लिए भिगोकर रख दें।
- उबालें: सुबह इस पानी को गैस पर तब तक उबालें जब तक पानी आधा न रह जाए या उसका रंग पूरी तरह से बदल न जाए।
- तापमान का ध्यान (सबसे जरूरी): पानी को कभी भी खौलता हुआ या एकदम गर्म न पिएं। इसे हमेशा गुनगुना करके ही पियें। सीधा गर्म पानी पेट में पित्त बढ़ा सकता है, जिससे कब्ज या एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
सेवन का सही समय और तरीका क्या है?
- सुबह खाली पेट: जीरा पानी का सर्वोत्तम लाभ सुबह खाली पेट मिलता है।
- बैठकर पिएं: इसे हमेशा बैठकर ही पीना चाहिए।
- घूंट-घूंट करके पिएं: इसे एक साथ गटककर न पिएं। घूंट-घूंट करके पीने से यह लार के साथ मिलकर पेट में जाता है। इससे पाचन तंत्र को भारीपन नहीं होता और गैस व ब्लोटिंग से तुरंत राहत मिलती है।
- अल्टरनेट ऑप्शन: यदि सुबह खाली पेट आप इसका सेवन नहीं कर पा रहे हैं, तो भोजन के लगभग 40 मिनट बाद इसे लिया जा सकता है।
गर्मियों में जीरा पानी क्यों है खास?
भीषण गर्मी के मौसम में पेट की जलन और एसिडिटी की समस्या आम हो जाती है। यदि जीरा पानी को सही मात्रा और सही तापमान (गुनगुना) पर लिया जाए, तो यह पेट को शीतलता प्रदान करता है। यह शरीर के आंतरिक तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करता है।



















