Delhi News: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर के बाद तेज हवाओं और काले बादलों के बीच हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बदलाव से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। येलो अलर्ट जारी करते हुए विभाग ने भविष्यवाणी की है कि दिल्ली के अलावा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और चंडीगढ़ समेत कई अन्य इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जो फसलों के लिए हानिकारक हो सकती है।
मौसम ने दी जानकारी
बता दें कि मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी बढ़ सकती है, जिससे दिल्ली का मौसम और भी सुहाना हो जाएगा। इसके बाद तापमान में गिरावट का अनुमान है, जिससे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। अगले दिन न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।
इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट
बता दें कि मौसम विभाग के मुताबिक, दो एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण इस सप्ताह दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश हो सकती है। कश्मीर में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज के साथ भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई जा रही है। 31 मार्च से 1 अप्रैल तक केरल में भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें : वैश्विक संघर्ष पर बाबा रामदेव की भविष्यवाणी
गर्मी से राहत, फसलें हो सकती हैं प्रभावित
हालांकि यह बारिश शहरी इलाकों में गर्मी से राहत दे रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि और लगातार बारिश के कारण फसलों को नुकसान हो सकता है। बीते कुछ दिनों से हो रही हल्की से मध्यम बारिश ने किसानों के लिए नई समस्याएं खड़ी कर दी हैं। खासकर उन इलाकों में जहां फसलों को नुकसान होने का खतरा है, किसान सावधान हो गए हैं।
क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश और तूफान अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकते हैं। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है, जिससे इस बार दिल्लीवासियों को राहत मिलेगी। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा जैसे इलाकों में स्थिति कुछ अलग हो सकती है, जहां ओलावृष्टि की संभावना जताई जा रही है।





















