UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। करोड़ों की संपत्ति के मालिक और लग्जरी कारों से सफर करने वाले एक ‘रईसजादे’ ने अपने ही पड़ोसी के आलीशान बंगले पर हाथ साफ कर दिया। करीब 10 करोड़ रुपये की इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार करके किया है।
शेयर मार्केट और सट्टे में डूबा पैसा, फिर रची चोरी की साजिश
मामला बाराबंकी के एक प्रतिष्ठित इलाके का है। पीड़ित अजय सिंह बघेल के बंगले (C-5) से करोड़ों के कीमती जेवरात चोरी हुए थे। जब पुलिस ने जांच शुरू की तो हैरानी की बात सामने आई। चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी पेशेवर चोर नहीं, बल्कि बघेल के सामने वाले बंगले में रहने वाला आकर्ष सिंह था।
पुलिस के मुताबिक, आकर्ष सिंह दिखने में बड़ा अमीर था और लग्जरी गाड़ियों से चलता था, लेकिन अंदर से वो कर्ज़ और नुकसान के बोझ तले दबा था। शेयर बाजार और सट्टे में भारी नुकसान खाने के बाद उसने अपना खोया पैसा वापस पाने के लालच में अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर पड़ोसी पर ही नजर गड़ा ली।
5 टीमों और सर्विलांस ने दिया आरोपियों को घेरा
चोरी की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पीड़ित ने दर्ज कराई गई तहरीर में 8 से 10 करोड़ रुपये के जेवरात चोरी होने का दावा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर पुलिस ने 5 विशेष टीमें गठित कीं। टीमों ने बिना किसी सुराग के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की।
15 लाख कैश और जेवरात बरामद, 20 लाख फ्रीज
पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की पूरी कहानी उगल दी। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए जेवरातों को एक सुनार को बेच दिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा, चोरी की रकम से जुड़े दो बैंक खातों में जमा करीब 20 लाख रुपये को भी पुलिस ने फ्रीज करा दिया है।
एसपी ने की इनाम की घोषणा
इस बड़ी सफलता पर बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक (SP) अर्पित विजयवर्गीय ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद इनाम से नवाजने की घोषणा की है। एसपी ने कहा कि अक्सर लोग सोचते हैं कि अमीर और अपने आस-पास रहने वाले लोग ऐसे अपराध नहीं कर सकते, लेकिन इस मामले ने सबक दिया है। शेयर बाजार और सट्टे में लगातार हो रहे नुकसान ने इस ‘रईसजादे’ को चोर बना दिया। हमारी टीमों ने बहुत ही सटीक तरीके से काम करते हुए इस मामले को सुलझा लिया है।
























