Delhi News: दिल्ली पुलिस ने पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास कार में मिले तीन शवों के मामले में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। खुद को ‘बाबा’ बताने वाला कमरुद्दीन सिर्फ तंत्र-मंत्र और धनवर्षा के नाम पर ठगी ही नहीं करता था, बल्कि एक सीरियल किलर है, जिसने अब तक कम से कम 6 लोगों की जान ली है। पुलिस ने इस मामले में 527 पन्नों की एक विस्तृत चार्जशीट अदालत में दाखिल की है।
पीरागढ़ी कांड: जहरीले लड्डू ने ली तीनों की जान
बीते 8 फरवरी को पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार में तीन शव मिले थे। जांच में खुलासा हुआ कि बाहरी दिल्ली निवासी 76 वर्षीय रणधीर सिंह, 47 वर्षीय शिव नरेश सिंह और 40 वर्षीय लक्ष्मी देवी की हत्या कमरुद्दीन ने ‘जहरीले लड्डू’ खिलाकर की थी।
सलीम का रोल: ‘एजेंट’ बनकर ढूंढता था शिकार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जहांगीरपुरी निवासी लक्ष्मी देवी आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं और उनके पति की बीमारी के चलते नौकरी भी चली गई थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात ‘सलीम’ नाम के शख्स से हुई। सलीम कमरुद्दीन का एजेंट था, जिसका काम परेशान और मजबूर लोगों को बाबा के चक्कर में लाना था।
फर्जी ‘धनवर्षा’ का जाल और चमत्कार का नाटक
कमरुद्दीन लोगों को अपनी तांत्रिक शक्तियों का भरोसा दिलाने के लिए ‘धनवर्षा’ का नाटक करता था। वह मंत्र पढ़ते हुए कपड़े में छिपी नोटों की गड्डियां निकालता था, जिसे देखकर लोग उसके झांसे में आसानी से फंस जाते थे। लक्ष्मी देवी भी इसी नाटक के शिकार बनीं।
डरावना खुलासा: महिलाओं की निजी जानकारियों वाली डायरी बरामद
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। लक्ष्मी को बाबा के वॉट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था, जहां उनकी मुलाकात शिव नरेश से हुई। लक्ष्मी की डायरी बरामद हुई, जिसमें कई महिलाओं की बेहद निजी और संवेदनशील जानकारियां दर्ज थीं। इसमें शरीर के अंगों के माप, सर्जरी और दवाइयों का विवरण शामिल था। उनके मोबाइल से कई महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें भी बरामद की गई हैं।
हकीम से बना था ‘सीरियल किलर बाबा’
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला कमरुद्दीन शुरू में खुद को ‘हकीम’ बताकर लोगों का घरेलू इलाज करता था। लेकिन साल 2010 में गाजियाबाद आने के बाद उसने तांत्रिक गतिविधियों का रुख कर लिया।
राजस्थान में भी दर्ज है हत्या का इतिहास
जांच में यह भी सामने आया है कि कमरुद्दीन का आपराधिक इतिहास बहुत लंबा है। राजस्थान के धौलपुर में 2014 में एक दंपति संतान सुख के लिए बाबा के संपर्क में आया था। पुलिस के अनुसार, कमरुद्दीन ने पति को उकसाकर पत्नी की हत्या करवा दी थी। 2014 और 2025 के बीच हुई तीन अन्य हत्याओं में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है। 527 पन्नों की इस चार्जशीट ने एक बार फिर उन धोखाधड़ी और अंधविश्वास के रैकेट्स की काली करतूतों को उजागर किया है, जो लोगों की मानसिक और आर्थिक कमजोरी का फायदा उठाते हैं।






















