टेनिस लीजेंड लिएंडर पेस ने थामा भाजपा का दामन

भाजपा मुख्यालय पहुंचकर लिएंडर ने सदस्यता ली

Delhi News : भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने राजनीतिक पारी की शुरुआत भाजपा (BJP) से करने का फैसला किया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले उनकी इस एंट्री ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। मंगलवार, 31 मार्च को कोलकाता में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता लेने के बाद पेस को लेकर कई तरह की राजनीतिक कयास लगने लगे हैं।

TMC से नाता तोड़ BJP का दामन थामा

लिएंडर पेस के लिए राजनीति कोई नया मैदान नहीं है। साल 2021 में उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का दामन थामा था। इसके बाद 2022 में गोवा विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने TMC के लिए जोरदार प्रचार भी किया, हालांकि उस दौरान उन्होंने खुद कोई चुनाव नहीं लड़ा।

यह भी पढ़ें : यूपी सरकार की लापरवाही, मृत महिला को भेजा नोटिस, मचा हड़कंप

अब भाजपा (BJP) में शामिल होने का उनका फैसला उनके पुराने राजनीतिक रुख से पूरी तरह यू-टर्न माना जा रहा है। बंगाल में जोरदार राजनीतिक मुकाबले के बीच पेस का पाला बदलना राज्य की सियासत के समीकरणों को काफी हद तक बदल सकता है। कोलकाता में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ उनकी हालिया मुलाकात के बाद से ही इस कदम की अटकलें लगाई जा रही थीं।

पार्टी ज्वाइन करने के बाद क्या बोले पेस?

भाजपा (BJP) में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस ने अपनी बंगाली जड़ों को याद करते हुए कहा कि मेरी मां बंगाली हैं और उनका जन्म बंगाल में हुआ है। उनके समय में खेलों के लिए बुनियादी ढांचा नहीं था और आज भी बंगाल और तमिलनाडु में इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर किया जा सकता है। हमें बच्चों को सशक्त और प्रेरित करने की जरूरत है।

उन्होंने खेलों में लैंगिक समानता का उदाहरण देते हुए कहा कि आज टेनिस जैसे खेल में महिला और पुरुष खिलाड़ियों (आर्यना सबालेंका और कार्लोस अलकराज) को बराबर की इनाम राशि दी जाती है, जो एक सकारात्मक बदलाव है।

किरण रिजिजू ने कहा- ‘आज का दिन ऐतिहासिक’

पेस की एंट्री पर खुशी जताते हुए भाजपा (BJP) नेता और केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि लेजेंडरी टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस का BJP में शामिल होना एक ऐतिहासिक दिन है। जब वे कॉलेज में थे, तब ओलंपिक में भारत का नाम मेडल लिस्ट में नहीं आता था, लेकिन पहली बार लिएंडर पेस ने देश का नाम ओलंपिक में दर्ज कराया। अब पेस BJP के प्लेटफॉर्म से देश की सेवा करेंगे।

चुनावी नतीजों पर कितना पड़ेगा असर?

हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि लिएंडर पेस आने वाले चुनाव में किसी सीट से मैदान में उतरेंगे या सिर्फ पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। लेकिन बंगाल जैसे राज्य में, जहां सिनेमा और खेल जगत की मशहूर हस्तियों के समर्थन का चुनावी नतीजों पर सीधा असर पड़ता रहा है, पेस की मौजूदगी भाजपा (BJP) के लिए एक बड़े हथियार के रूप में काम कर सकती है।

कौन हैं लिएंडर पेस?

लिएंडर पेस भारतीय टेनिस के इतिहास के सबसे सफल और सम्मानित खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने कई ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किए हैं और डेविस कप में भारत की अगुवाई कर देश का नाम रोशन किया है। पेस का मानना ​​है कि अब वक्त आ गया है कि भारत में उभरती हुई युवा प्रतिभाओं को निखारा जाए और खेल से दूर हो चुके पुराने खिलाड़ियों को वापस खेल से जोड़ा जाए। शायद राजनीति के मैदान में उतरकर वे इसी सपने को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।

Rishi Tiwari

ऋषी तिवारी (Rishi Tiwari) वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली एनसीआर में एपीएनएस न्यूज ऐजेंसी लंबे समय तक सेवाएं देने के पश्चात सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ अपनी नई पत्रकारिता पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षो से से जुड़े रहकर निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now