ऋषी तिवारी
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत ने एक और शानदार अध्याय जोड़ते हुए पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। यह टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की पाकिस्तान पर रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इस रोमांचक जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 राउंड के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।
भारत की तगड़ी पकड़ ग्रुप ए में
टीम इंडिया ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है। टीम के पास अब 6 अंक हो गए हैं। इस जीत का सीधा फायदा यह हुआ कि भारत के अंकों के मुकाबले अन्य टीमें अब पीछे नहीं पहुंच पाएंगी, जिससे नामीबिया का सफर यहीं समाप्त हो गया है। वहीं, USA दूसरे और पाकिस्तान तीसरे स्थान पर बना हुआ है, दोनों टीमों के पास 4-4 अंक हैं।
India-Pak मैच पर पवन सिंह का प्रचंड बयान
ईशान किशन की तूफानी पारी
रविवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत की शुरुआत बुरी हुई। पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए, जिससे टीम को झटका लगा। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन ने जोरदार वापसी की। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर 46 गेंदों में 87 रनों की अहम साझेदारी निभाई। ईशान ने महज 40 गेंदों पर 77 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32), शिवम दुबे (27) और रिंकू सिंह (11) के योगदान से भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने 3 विकेट झटके।
बुमराह और हार्दिक ने रची गेंदबाजी की जीत
176 रन का लक्ष्य बनाने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बौखला गई। पावरप्ले में ही जसप्रीत बुमराह ने सईम अयूब (6) और कप्तान सलमान अली आगा (4) को पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। शुरुआत में हार्दिक पंड्या ने साहिबजादा फरहान को शून्य पर आउट किया। उस्मान खान ने पाकिस्तान की पारी को संभालने की कोशिश की और सबसे ज्यादा 44 रन बनाए, लेकिन उनका साथ देने वाला कोई नहीं था। आखिर में हार्दिक पंड्या ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर उस्मान तारिक को बोल्ड करके भारत को 61 रन की शानदार जीत दिलाई। भारत के लिए बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट लिए। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में महज 114 रन पर ढेर हो गई।
IND vs PAK: भारत-पाक मुकाबले पर विपक्ष ने कसा तंज
टॉस पर नहीं मिलाए हाथ
इस मुकाबले में एक और बात चर्चा में रही। टॉस के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। यह फैसला पिछले साल एशिया कप की तर्ज पर पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में लिया गया था।

























