दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं, जिन्हें देखने से पहले ही लोगों के होश उड़ जाते हैं। कहीं लावा उगलते ज्वालामुखी हैं, तो कहीं ऐसे रहस्यमयी जंगल, जहां इंसानी दस्तक के लिए दरवाजे बंद हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कोई ऐसा टापू भी होगा, जहां इंसानों की जगह सांप राज करते हैं? जी हां, हम बात कर रहे हैं दुनिया के सबसे खतरनाक आइलैंड की, जिसे पूरी दुनिया ‘स्नेक आइलैंड’ (Snake Island) के नाम से जानती है। यहां जाना लगभग नामुमकिन है और यही वजह है कि यह जगह वैज्ञानिकों से लेकर एडवेंचर लवर्स तक सभी के लिए एक बड़ा सवाल बनी हुई है।
स्नेक आइलैंड कहां स्थित है?
स्नेक आइलैंड का असली नाम इल्हा दा क्वेमादा ग्रांडे (Ilha da Queimada Grande) है यह द्वीप ब्राजील के साओ पाउलो शहर के तट से लगभग 33 किलोमीटर की दूरी पर अटलांटिक महासागर में बसा है। इस द्वीप का रकबा महज 43 हेक्टेयर है, यानी यह किसी बड़े खेल के मैदान जितना ही है। दूर से देखने पर यह हरे-भरे पहाड़ों और चट्टानों से ढका एक खूबसूरत समुद्री द्वीप लगता है, लेकिन जो कहानी इसके अंदर छिपी है, वो किसी डरावने फिल्मी सीन से कम नहीं।
दुनिया का सबसे खतरनाक सांप
स्नेक आइलैंड को अपना नाम इसलिए मिला है, क्योंकि यहां सांपों की संख्या इंसानों की कल्पना से भी कहीं ज्यादा है। यहां सबसे ज्यादा पाया जाने वाला सांप है गोल्डन लांसहेड वाइपर (Golden Lancehead Viper), जिसका वैज्ञानिक नाम बोथ्रॉप्स इंसुलारिस (Bothrops insularis) है।
इस सांप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दुनिया में केवल इसी द्वीप पर पाया जाता है। ऐसी प्रजातियों को विज्ञान की भाषा में ‘एंडेमिक स्पीशीज’ कहा जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, गोल्डन लांसहेड का जहर जमीन पर पाए जाने वाले अपने रिश्तेदार सांपों की तुलना में कई गुना ज्यादा तेज और घातक माना जाता है। यह जहर इंसान के शरीर में तेजी से टिशूज को नुकसान पहुंचा सकता है। बताया जाता है कि इसका एक काटना भी बिना इलाज के जानलेवा साबित हो सकता है।
इस द्वीप पर सांप इतने ज्यादा क्यों हैं?
वैज्ञानिकों का मानना है कि हजारों साल पहले यह द्वीप मुख्य भूमि (मेनलैंड) से जुड़ा हुआ था। समुद्र के स्तर में आए बदलाव की वजह से यह हिस्सा अलग हो गया और यहां फंसे सांपों ने अपनी अलग ही दुनिया बसा ली। समय के साथ यहां के सांपों ने अपने शिकार के तौर-तरीके भी बदल लिए।
चूंकि द्वीप पर जमीनी जानवरों की कमी थी, इसलिए इन सांपों ने आसमान से उतरने वाले प्रवासी पक्षियों को अपना शिकार बनाना सीख लिया। तेज जहर की मदद से उड़ते पक्षियों को तुरंत रोकना इनकी सबसे बड़ी ताकत है।
कितने सांपों की है यहां आबादी?
स्नेक आइलैंड पर सांपों की सटीक संख्या को लेकर अलग-अलग दावे किए जाते रहे हैं। कई रिपोर्ट्स में यहां 2,000 से 4,000 तक सांप होने का अनुमान लगाया गया है, जबकि कुछ पुरानी कहानियों में तो यहां हर मीटर पर एक सांप होने का दावा तक किया गया है। हालांकि, हाल के अध्ययनों के मुताबिक गोल्डन लांसहेड वाइपर की आबादी लगातार घट रही है और इसे ‘क्रिटिकली एंडेंजर्ड’ यानी गंभीर रूप से संकटग्रस्त प्रजातियों में रखा गया है।
इंसान यहां जा क्यों नहीं सकते?
स्नेक आइलैंड को दुनिया का सबसे खतरनाक आइलैंड इसीलिए भी कहा जाता है, क्योंकि यहां आम लोगों का जाना ब्राजील सरकार ने पूरी तरह प्रतिबंधित कर रखा है। द्वीप पर जाने की इजाजत सिर्फ ब्राजीलियन नेवी और चुनिंदा वैज्ञानिक टीमों को मिलती है और वो भी बेहद सख्त सुरक्षा नियमों के साथ।
यहां एक पुरानी कहानी भी चर्चित है। बताया जाता है कि एक समय इस द्वीप पर लाइटहाउस चलाने के लिए एक कीपर रहता था, लेकिन सांपों के बीच जीवन इतना खतरनाक था कि आखिरकार लाइटहाउस को स्वचालित (ऑटोमेटिक) करना पड़ा. आज यह लाइटहाउस भी सांपों के इस साम्राज्य का एक हिस्सा बन चुका है।


























