पूरे दिन बाहर रहने से चेहरे पर धूल-धूसरिट, प्रदूषण, पसीना और चिपचिपापन जमा हो जाता है। अगर मेकअप और सनस्क्रीन भी लगाया हो, तो स्किन के पोर्स और भी ज्यादा बंद हो जाते हैं। ऐसे में स्किन को रात भर आराम और रिपेयर का मौका देना बेहद जरूरी हो जाता है।
दरअसल, रात के समय स्किन सेल्स रिपेयर होती हैं और नए सेल्स बनते हैं। इसलिए सोने से पहले का समय स्किन की देखभाल के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या इसके लिए महंगे फेशियल या पार्लर ट्रीटमेंट कराना जरूरी है? बिल्कुल नहीं! सिर्फ कुछ सिंपल आदतें अपनाकर आप बेस्ट नाइट स्किनकेयर रूटीन फॉलो कर सकती हैं।
आइए जानते हैं वो 5 काम, जो रोज रात सोने से पहले करने से चेहरे पर निखार आएगा और स्किन हेल्दी-ग्लोइंग बनेगी।
1. सोने से पहले चेहरे की क्लींजिंग न छोड़ें
नाइट स्किनकेयर रूटीन का पहला और सबसे अहम स्टेप है चेहरे की सही सफाई। दिनभर में चेहरे पर जितनी भी गंदगी, ऑयल, स्वेट और पॉल्यूशन की परत जमी होती है, उसे हटाना जरूरी है। अगर मेकअप लगाकर या बिना चेहरा साफ किए सो गए, तो यही गंदगी रातभर पोर्स को ब्लॉक करती है, जिससे पिंपल्स, ब्लैकहेड्स और डलनेस जैसी प्रॉब्लम्स शुरू हो जाती हैं।
इसके लिए अपनी स्किन टाइप के हिसाब से जेंटल फेस वॉश या क्लींजर चुनें। ऑयली स्किन वाले फोम-बेस्ड क्लींजर और ड्राई स्किन वाले क्रीमी क्लींजर इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर हैवी मेकअप या वॉटरप्रूफ सनस्क्रीन लगाया है, तो पहले मेकअप रिमूवर या क्लींजिंग ऑयल से मेकअप हटाएं, उसके बाद फेस वॉश से चेहरा धोएं। इसे डबल क्लींजिंग कहते हैं, जो डीप क्लींजिंग के लिए बेहतर माना जाता है।
2. स्किन कंसर्न के हिसाब से लगाएं फेस सीरम
चेहरा साफ करने के बाद टोनर और सीरम का इस्तेमाल किया जा सकता है। सीरम स्किन की गहराई तक जाकर काम करता है। लेकिन यहां ध्यान रखने वाली बात यह है कि हर सीरम हर स्किन के लिए सही नहीं होता। इसलिए अपनी स्किन प्रॉब्लम को समझकर ही सीरम चुनें।
जैसे- अगर स्किन पर डलनेस और असमान रंगत की समस्या है, तो विटामिन सी सीरम अच्छा विकल्प है। एक्ने और दाग-धब्बों के लिए नियासिनामाइड, झुर्रियों के लिए रेटिनॉल और हाइड्रेशन के लिए हयालूरॉनिक एसिड वाला सीरम फायदेमंद रहता है। ध्यान रहे कि एक साथ कई सीरम लगाने से स्किन इरिटेट हो सकती है। एक-दो एक्टिव इंग्रीडिएंट वाला प्रोडक्ट ही पर्याप्त है। अगर नए सीरम को ट्राई कर रही हैं, तो पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
3. मॉइस्चराइजर स्किनकेयर का सबसे जरूरी स्टेप
कई लोग महसूस करते हैं कि सीरम लगाने के बाद मॉइस्चराइजर की जरूरत नहीं, लेकिन यह गलतफहमी स्किन को नुकसान पहुंचाती है। सीरम के बाद मॉइस्चराइजर न लगाएं, तो स्किन की नमी उड़ सकती है और स्किन रूखी, बेजान लगने लगती है।
मॉइस्चराइजर स्किन की नमी को लॉक करता है और स्किन बैरियर को मजबूत बनाता है। स्किन बैरियर ही स्किन को बाहरी प्रदूषण और बैक्टीरिया से बचाता है। ऑयली स्किन वालों को हल्के जेल-बेस्ड, नॉन-कॉमेडोजेनिक मॉइस्चराइजर चुनना चाहिए, वहीं ड्राई स्किन के लिए क्रीमी टेक्सचर वाला मॉइस्चराइजर बेहतर रहेगा।
4. होंठ, आंखों और बॉडी की देखभाल भी जरूरी
स्किनकेयर करते समय हम अक्सर होंठ और आंखों के आसपास की नाजुक स्किन को नजरअंदाज कर देते हैं, जहां सबसे पहले झुर्रियां और रूखापन दिखाई देता है। रात में सोने से पहले होंठों पर अच्छी क्वालिटी का लिप बाम या देसी नुस्खे के तौर पर देसी घी की पतली परत लगाएं। इससे होंठ सुबह तक सॉफ्ट और पिंक रहेंगे।
आंखों के नीचे अंडर आई क्रीम या हल्का मॉइस्चराइजर धीरे-हाथ से टैप करके लगाएं, रगड़ें नहीं। इसके अलावा, चेहरे के साथ हाथ, पैर, कोहनी और घुटनों जैसी ड्राई जगहों पर भी बॉडी लोशन या नारियल तेल लगाने की आदत बना लें। हफ्ते में एक-दो बार हेयर ऑयलिंग भी नाइट रूटीन में शामिल कर सकते हैं।
5. स्किन का बेस्ट फ्रेंड- पूरी और गहरी नींद
चाहे कितने भी महंगे प्रोडक्ट लगा लें, अगर नींद पूरी नहीं हो रही, तो स्किन को कोई फायदा नहीं होगा। नींद की कमी से शरीर में कोर्टिसोल नाम का स्ट्रेस हॉर्मोन बढ़ता है, जिससे एक्ने, डलनेस, डार्क सर्कल्स और स्किन की झड़ती जवानी जैसी समस्याएं बढ़ती हैं।
स्किन को अच्छा रखने के लिए रोज 7 से 8 घंटे की नींद जरूरी है। इसके लिए सोने से कम से कम आधा घंटा पहले फोन-लैपटॉप दूर रखें, क्योंकि स्क्रीन की नीली रोशनी नींद वाले हॉर्मोन मेलाटोनिन को कम कर देती है। अगर संभव हो, तो सोने से पहले सिल्क या सैटिन के पिलो कवर इस्तेमाल करें और पिलो कवर को हफ्ते में बदलते रहें।
कुछ एक्स्ट्रा टिप्स जो ग्लो बढ़ाएंगे
- रात में पानी कम पिएं, ताकि सुबह पफलीनेस न हो।
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और हाइड्रेटेड रहें।
- रात के नाश्ते में फल, नट्स जैसी हेल्दी चीजें चुनें।
- बेडशीट और फेस टॉवल साफ रखें।
महंगे प्रोडक्ट्स से ज्यादा जरूरी है सही रूटीन को रोजाना फॉलो करना। क्लींजिंग, सीरम, मॉइस्चराइजर, होंठ-आंखों की देखभाल और अच्छी नींद- ये पांच आसान आदतें अगर आप रोज अपनाते हैं, तो कुछ ही हफ्तों में स्किन में साफ बदलाव दिखेगा। सुबह आइने में देखिए, चेहरे पर वो नैचुरल ग्लो खुद नजर आएगी, जिसके लिए आप महंगे ट्रीटमेंट के बारे में सोच रही थीं। याद रखें, कंसिस्टेंसी ही स्किनकेयर की असली चाबी है।


























