श्रद्धा तिवारी
Shekhar Tonight News: भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री में बातचीत को एक नई पहचान देने वाले दिग्गज एक्टर और होस्ट शेखर सुमन पूरे 14 साल बाद एक बार फिर से लेट-नाइट शो के साथ वापसी करने जा रहे हैं। उनके नए शो ‘शेखर टुनाइट’ (Shekhar Tonight) ने अपने आधिकारिक ट्रेलर और पहले लुक के साथ सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।

‘मूवर्स एंड शेकर्स’ जैसे शो से अपनी अलग पहचान बनाने वाले शेखर सुमन इस बार एक ऐसे अंदाज में लौट रहे हैं, जो दर्शकों को उनके पुराने दिनों की याद दिला देगा। शेखर सुमन की दमदार आवाज़, शानदार मौजूदगी और लोगों से जुड़ने की कला ने एक पूरे दौर को प्रभावित किया था। अब उनकी वापसी का उद्देश्य दर्शकों के साथ फिर से वही सच्चाई और भावनात्मक कनेक्शन स्थापित करना है।
वायरल क्लिप्स के बीच ‘सच्चाई’ की वापसी
आज के समय में जहां ज्यादातर इंटरव्यू पहले से स्क्रिप्टेड (scripted) होते हैं और सिर्फ वायरल होने के लिए तैयार किए जाते हैं, वहीं ‘शेखर टुनाइट’ कुछ अलग लेकर आ रहा है। यह शो संगानी ब्रदर्स और कॉबल्ड स्ट्रीट के बैनर तले बनाया गया है। शो का खास मकसद है- “ईमानदारी”।
यह कोई परफॉर्मेंस नहीं है, बल्कि दो लोगों के बीच बिना किसी दिखावे के होने वाली स्वाभाविक बातचीत है। यह शो और भी ज्यादा निजी और भावनात्मक होगा, जहां सेलेब्रिटीज अपना परफेक्ट अवतार छोड़कर असली पल जीते नजर आएंगे।
शेखर सुमन ने क्या कहा?
अपनी इस खास वापसी पर शेखर सुमन ने कहा कि मेरे लिए शेखर टुनाइट सिर्फ सेलिब्रिटी इंटरव्यू का शो नहीं है। यह इंसानी भावनाओं और सच्चे पलों का शो है। जो बातें हमारे दिल में रह जाती हैं, वे कभी पहले से तैयार की हुई नहीं होतीं… सबसे असरदार बातचीत तब होती है जब लोग यह भूल जाते हैं कि उनके सामने कैमरा है। उन्होंने आगे कहा कि इतने सालों बाद मैं फिर ऐसा मंच लेकर आना चाहता था जहाँ बातचीत खुलकर हो सके, जहाँ अभिनय से ज़्यादा भावनाएँ मायने रखें और दिखावे से ज़्यादा ईमानदारी।
बेटे अध्ययन सुमन ने बताई पिता की वापसी की खासियत
शो के क्रिएटर और शेखर सुमन के बेटे अध्ययन सुमन ने इस पल को भावुक बताते हुए कहा, “यह प्रोजेक्ट मेरे लिए बहुत ही खास और दिल के करीब है। शेखर सुमन एक लीजेंड हैं। लोग आज भी उनकी हाज़िरजवाबी और मोनोलॉग्स को याद करते हैं। आज इतने सालों बाद उन्हें उसी जोश के साथ लौटते देखना मेरे लिए बेहद भावुक कर देने वाला पल है।” अध्ययन ने निर्माता धर्मेश संगानी और टीम का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस विज़न पर भरोसा किया।
निर्माता ने जताया उत्साह
शो के निर्माता धर्मेश संगानी ने कहा कि मैं उन्हें देखते हुए बड़ा हुआ हूँ और हमेशा यह देखकर प्रभावित रहा हूँ कि वह कितनी सहजता और जादू के साथ बातचीत करते हैं। शेखर टुनाइट का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत खास है। शो की ट्रेलर लॉन्च हो चुकी है, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। पोडकास्ट और डिजिटल टॉक शो के दौर में शेखर सुमन की इस वापसी को टीवी जगत में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।






















