Delhi News: आप पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हालिया बयान पर तीखा हमला बोला है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अदालत के फैसले को ‘सेट’ करार देकर न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, जो बेहद गंभीर और आपत्तिजनक है।
क्या कहा संजय सिंह ने?
सांसद संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिस तरह अदालत के फैसले पर टिप्पणी की है, वह बेहद गंभीर है। किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा अदालत के फैसले को ‘सेट’ बताना न्यायपालिका के सम्मान के खिलाफ है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाला है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “अगर हालिया फैसला सेट था, तो क्या पहले जो फैसले आप पार्टी नेताओं के खिलाफ आए, वे भी सेट किए गए थे? इस तर्क से यह संकेत मिलता है कि सत्ता में बैठी पार्टी ने अपने पक्ष में फैसले प्रभावित किए होंगे, जो एक बेहद गंभीर आरोप है।”
यह भी पढ़ें : विधानसभा में आप पार्टी पर बरसीं भाजपा सीएम रेखा गुप्ता
केजरीवाल और सिसोदिया के मामले का हवाला
संजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के मामले में आए फैसले का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि अदालत ने स्पष्ट किया कि पर्याप्त साक्ष्य नहीं हैं। अदालत ने तो यह तक कहा कि आरोप तय करने लायक भी कोई ठोस प्रमाण मौजूद नहीं था। जब अदालत ने स्पष्ट कर दिया कि कोई ठोस साक्ष्य नहीं है, तो इससे साबित होता है कि CBI ने बिना पर्याप्त आधार के कार्रवाई की थी।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बयान दिया है:
“केजरीवाल जी और आम आदमी पार्टी के नेताओं के पक्ष में जो अदालत का फ़ैसला आया है, वह ‘सेटिंग’ करके आया है।”
मैं पूछना चाहता हूँ कि जो फ़ैसले अरविंद केजरीवाल जी के ख़िलाफ़ आए थे, क्या वे फ़ैसले नरेंद्र मोदी और बीजेपी ने ‘सेट’… pic.twitter.com/mhSFj8jXUE
— Aam Aadmi Party Delhi (@AAPDelhi) March 27, 2026
सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग
संजय सिंह ने मांग की कि मुख्यमंत्री के इस बयान पर सुप्रीम कोर्ट को स्वतः संज्ञान लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान से न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंची है। यह अदालत की अवमानना का मामला है। सुप्रीम कोर्ट को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और मुख्यमंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”





















