Noida News: विश्व टीबी दिवस के अवसर पर आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो ‘सलाम नमस्ते’ ने टीबी उन्मूलन के लिए एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। ‘स्मार्ट संस्था’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय था – “टीबी मुक्त भारत में शैक्षणिक संस्थानों का योगदान”। यह कार्यक्रम ‘सेहत सही लाभ कई’ स्वास्थ्य श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूक करना और इस अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
तंबाकू छोड़ें, टीबी से लड़ें
बता दें कि कार्यक्रम के दौरान संदेश देते हुए डॉ. श्वेता खुराना ने लोगों से तंबाकू के खतरों के प्रति सचेत रहने और टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने युवाओं से ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान के तहत जागरूकता फैलाने, सोशल मीडिया के माध्यम से संदेशों को साझा करने और स्वयंसेवक बनकर टीबी मरीजों का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि तंबाकू का सेवन टीबी के इलाज को कठिन बनाता है, इसलिए तंबाकू निषेध के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
यह भी पढ़ें :मिडिल ईस्ट संकट: संसद में पीएम मोदी ने किया बड़ा खुलासा

शिक्षकों और निक्षय मित्रों ने ली भाग
सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में जिला तंबाकू मुक्त संस्थान से जुड़े शिक्षकों, प्राचार्यों एवं निक्षय मित्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वक्ताओं ने तंबाकू के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तंबाकू स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है, जिससे मरीज की स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने सभी को तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लेने को कहा।
सेहत मित्र पुरस्कार
इस विशेष कार्यक्रम में जवाहर इंटर कॉलेज से रचना गुप्ता, मानव रचना स्कूल के कोऑर्डिनेटर अभय कुमार, निक्षय मित्र वरुण सिंह पुंडीर एवं बायोलॉजी शिक्षक शेखर श्रीवास्तव ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में ‘सेहत सही लाभ कई’ हेल्थ क्लब द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता में विशेष योगदान देने वाले युवाओं एवं अतिथियों को ‘सेहत मित्र’ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।



















