Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (रविवार) एक अनोखा और कनेक्टिंग अंदाज दिखाया। आदिवासी बहुल झाड़ग्राम में जनता के साथ मिलकर झालमुड़ी (पफेड चावल) का स्वाद लेते हुए पीएम मोदी का ‘बंगाली अवतार’ देखने को मिला। हालांकि, इस लोकल कनेक्शन के बीच उन्होंने राजनीतिक मोर्चे पर टीएमसी पर जमकर निशाना साधा और उसे ‘घुसपैठियों की सरकार’ बताया।
अखबार के ‘ठोंगे’ में झालमुड़ी, जनता से जुड़ाव का नजराना
बता दें कि पश्चिम बंगाल दौरे पर पीएम मोदी ने पूरे बंगाली लुक अपनाया। कुर्ते के साथ लाल रंग का स्टोल डाले उन्होंने भव्य रैलियों को संबोधित किया। इस बीच झाड़ग्राम में जब उनकी नजर एक झालमुड़ी की दुकान पर पड़ी, तो वहां रुकना उन्हें अच्छा लगा। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पीएम मोदी ने अखबार के बने पारंपरिक ‘ठोंगे’ (लिफाफे) से झालमुड़ी निकाली और उसका स्वाद लिया।
इस दौरान उन्होंने अकेले नहीं, बल्कि आसपास मौजूद महिलाओं के साथ मिलकर झालमुड़ी खाई। वो अपने ठोंगे से झालमुड़ी निकालकर महिलाओं को भी खिलाते नजर आए। इस खास पल को यादगार बनाते हुए पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट भी शेयर किया। उन्होंने लिखा कि पश्चिम बंगाल में रविवार को चार रैलियों के बीच, जो कि एक व्यस्त दिन था, मैंने झाड़ग्राम में कुछ स्वादिष्ट झालमुरी का आनंद लिया।
टीएमसी पर भारी हमला, कहा- ‘बंगाल की पहचान खतरे में’
झालमुड़ी वाले इस मजबूत जनसंपर्क के बाद पीएम मोदी ने अपनी चुनावी रैली में तीखे तीर चलाए। आदिवासी बहुल झाड़ग्राम की जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने टीएमसी पर बड़ा आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि ये चुनाव इस भूमि की समृद्ध विरासत को बचाने के लिए है। ये बंगाल की पहचान को बचाने के लिए है। आज बंगाल को अपनी पहचान खोने का डर है।
उन्होंने सीधे शब्दों में ममता बनर्जी की पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि टीएमसी जिस रास्ते पर चल रही है वो बहुत खतरनाक है। टीएमसी घुसपैठियों की और घुसपैठियों के लिए सरकार बनाना चाहती है। एक ऐसी सरकार जो बंगाल की जनता के धर्म, भाषा और रीति-रिवाजों की रक्षा करने के बजाय केवल घुसपैठियों के धर्म, भाषा और रीति-रिवाजों की रक्षा करेगी।
‘टीएमसी के नेता जेब भरने में लगे’
पीएम मोदी ने टीएमसी पर जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ने और भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल में जबरन वसूली (कट मनी) की एक व्यवस्था चलाई जा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि अगर घर बनाना हो तो टीएमसी के गठबंधन पर निर्भर रहना पड़ता है। टीएमसी के सांसदों और विधायकों को आपकी समस्याओं की कोई परवाह नहीं है। वो तो बस अपनी जेबें भरने में व्यस्त हैं।
गौरतलब है कि पीएम मोदी आज (रविवार) को पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं और उन्हें अलग-अलग शहरों में लगातार चार रैलियों को संबोधित करना है। झालमुड़ी खाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं, जबकि उनके भाषण से बंगाल में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है।


















