Pune News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के भोर तालुका स्थित नसरापुर गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने छुट्टियां बिताने अपनी दादी के घर आई 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी जान ले ली। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का ऐसा माहौल है कि ग्रामीणों ने रातों-रात थाने का घेराव कर डाला और आज पूरे गांव में बंद बुलाया गया है।
दादी के घर आई थी मासूम, खेलते-खेलते बनी हत्यारे की शिकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता बच्ची अपनी गर्मियों की छुट्टियां बिताने के लिए नसरापुर स्थित दादी के घर आई हुई थी। शनिवार दिन में वह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान 65 वर्षीय आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर एक पशु-बाड़े (गोशाला) की तरफ ले जाया। वहां पहले उसने बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया और चीखने-पुकारने के डर से पत्थर से कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया, ताकि किसी को भी इसकी भनक न लगे।
CCTV फुटेज और पुलिस की कार्रवाई
जब दोपहर तक बच्ची घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने तलाशशुरू की। खोजबीन के दौरान पशु-बाड़े में गोबर के ढेर के पास बच्ची का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालीं। फुटेज में आरोपी बुजुर्ग बच्ची को हाथ पकड़कर ले जाता साफ दिखाई दिया। इस आधार पर पुलिस ने तत्काल 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाने के बाहर रखा शव, फांसी की मांग
आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद गांव वालों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात को हजारों की संख्या में भड़के ग्रामीणों ने बच्ची के शव को पुलिस थाने के बाहर रख दिया और सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि शुरुआत में पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने में लापरवाही बरती। रात के वक्त पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों की एकमात्र मांग है- आरोपी को फांसी दी जाए।
आज नसरापुर बंद, भारी पुलिस बल तैनात
इस जघन्य अपराध के विरोध में आज नसरापुर में स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने तालाबंदी (बंद) का आह्वान किया है। आज सुबह से ही गांव के अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद हैं। भैरवनाथ मंदिर से एक विशाल शांतिपूर्ण मोर्चा निकाला जाने की तैयारी है।
वहीं, तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर गांव में काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सबूतों के आधार पर सबसे सख्त से सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द से जल्द उसे सजा दिलाने के लिए चार्जशीट तैयार की जा रही है।























