संध्या समय न्यूज
Kolkat News प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में एक भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की वर्तमान तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर जोरदार हमला बोला है। पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि अब बंगाल से ‘महाजंगलराज’ का खात्मा होकर रहेगा और राज्य में ‘निर्मम सरकार’ का अंत पक्का है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में बदलाव की हवा अब दीवारों पर ही नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में भी दर्ज हो चुकी है।
विकास का नया अध्याय
जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने विकास के मुद्दे पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने कहा, “ये प्रोजेक्ट पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत को नई रफ्तार देंगे। इनसे व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और लाखों लोगों का जीवन आसान होगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में रेलवे को आधुनिक बनाने के अभियान में बंगाल को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।
‘निर्मम सरकार’ पर सीधा हमला
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने ममता बनर्जी की सरकार को ‘निर्मम सरकार’ कहा। उन्होंने कहा, “कुर्सी जाते देख बंगाल की निर्मम सरकार बौखला गई है। जो लोग कानून तोड़ते हैं, जो अत्याचार करते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। एक बार फिर से बंगाल में कानून का राज होगा।” उन्होंने कहा कि नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज चुका है और टीएमसी का कोई भी अत्याचारी बच नहीं पाएगा।
यह भी पढ़ें : कोलकाता: पीएम मोदी की रैली से पहले TMC-BJP में हिंसक भिड़ंत, कई घायल
रैली में बाधा डालने का आरोप
पीएम मोदी ने रैली को लेकर राज्य सरकार द्वारा बाधाएं पैदा करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “आज इस सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दीं, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए और पोस्टर फाड़वा दिए। लेकिन साफ-साफ देख लीजिए, उनकी सारी कोशिशें नाकाम हो गईं और वे इस जनसैलाब को रोक नहीं पाईं।”
‘असली चोर कौन?’
टीएमसी नेताओं द्वारा रैली में शामिल लोगों को ‘चोर’ कहने पर पीएम मोदी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, “टीएमसी ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को चोर कहकर गाली दी है। लेकिन बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है कि असली चोर कौन है।” पीएम मोदी ने समापन में कहा कि बंगाल के विकास के लिए भाजपा दिन-रात जुटी हुई है और वह दिन दूर नहीं जब राज्य में पूर्ण रूप से कानून का राज लौटेगा। उन्होंने दोहराया कि बदलाव की इस आंधी को निर्दयी सरकार कोई नहीं रोक सकती।

















