Troller’s Gill : दुनियाभर में ऐसी कई रहस्यमयी जगहें हैं, जहां जाने का नाम सुनते ही लोगों के छक्के छूट जाते हैं। कहीं एलियंस की मौजूदगी का दावा किया जाता है, तो कहीं पहाड़ियां ऐसी हैं जहां गाड़ियां बिना इंजन के ऊपर चढ़ने लगती हैं। लेकिन आज हम आपको इंग्लैंड की एक ऐसी जगह के बारे में बताने जा रहे हैं, जो पहली नजर में तो जन्नत जैसी लगती है, लेकिन इसकी असली कहानी सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी।
फिल्मी लोकेशन जैसी लगती है जगह
हम बात कर रहे हैं इंग्लैंड के यॉर्कशायर स्थित ‘ट्रोलर्स गिल’ (Troller’s Gill) की। यह जगह वार्फेडेल इलाके में बसा है। देखने में यह जगह किसी फिल्मी सेट से कम नहीं लगती। ऊंची-ऊंची चट्टानें, दूर-दूर तक फैली हरियाली और बीच से बहता झरना… सब कुछ इतना सुकून देने वाला है कि यहां आने वाला हर शख्स खुद को प्रकृति के बेहद करीब महसूस करता है। लेकिन इस खूबसूरती के पीछे एक ऐसा राज छिपा है, जिसे जानने के बाद आप यहां जाने से पहले सौ बार सोचेंगे।

कौन है यह ‘बरगेस्ट’?
जैसे-जैसे आप इस घाटी के अंदर बढ़ते हैं, वातावरण में एक अजीब सा सन्नाटा और अनजाना डर महसूस होने लगता है। स्थानीय लोगों की मानें तो इस खामोश घाटी में एक रहस्यमयी कुत्ता वास करता है, जिसे ‘बरगेस्ट’ (Barghest) कहा जाता है। यह कोई आम जानवर नहीं, बल्कि एक दैत्याकार कुत्ता है। कहा जाता है कि इसकी आंखें अंगारों की तरह जलती हैं। कई लोग तो इसे ‘यमदूत’ की संज्ञा देते हैं. मान्यता है कि जो भी इस कुत्ते को देख ले, उसकी मौत निश्चित होती है।
यह भी पढ़ें : भारत का रहस्यमय ‘मौत का द्वीप’, जानिए क्यों है यहाँ प्रवेश वर्जित?
सड़क के पास होने के बावजूद नहीं दिखता रास्ता
दिलचस्प बात यह है कि सड़क के बिल्कुल पास होने के बावजूद यह जगह आसानी से नजर नहीं आती। अगर आपको रास्ता नहीं पता है, तो आप यहां आसानी से नहीं पहुंच सकते। करीब 2.6 किलोमीटर का यह ट्रैक एडवेंचर पसंद लोगों के लिए खजाने जैसा है, लेकिन रास्ते में पड़ने वाली पुरानी ‘गिल हेड्स माइन’, जो अब खतरनाक हालत में है, इसकी रहस्यमयी कहानी को और गहरा देती है।
नशे में ली थी चुनौती, मिला मौत का इनाम
यहां के लोगों के बीच एक पुरानी कहानी आज भी बड़े जोश से सुनाई जाती है। कहते हैं कि जॉन लैम्बर्ट नाम के एक शख्स ने नशे की हालत में इस रहस्यमयी कुत्ते को चुनौती दी थी. अगली सुबह उसका शव पहाड़ी के नीचे से मिला था। हालांकि, इस कहानी का कोई पुख्ता सबूत नहीं है, लेकिन आज भी इसे यहां के लोग सच मानते हैं। इतना ही नहीं, 19वीं सदी की एक कविता में भी एक ऐसे व्यक्ति का जिक्र है, जिसने जादुई घेरा बनाकर इस कुत्ते को बुलाने की कोशिश की थी, लेकिन वह भी बच नहीं पाया था। अगर आप भी एडवेंचर और रहस्य से भरी जगहों पर जाना पसंद करते हैं, तो ट्रोलर्स गिल आपके लिए ही है, बशर्ते आप उस ‘यमदूत’ कुत्ते से न टकरा जाएं!






















