संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। जेवर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित फिल्म सिटी के शिलान्यास की तैयारियों के बीच क्षेत्र में फिल्मी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। फिल्म सिटी की स्थापना से पहले ही जेवर में फिल्म कलाकारों ने अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने फिल्म निर्माता-निर्देशक कैलाश मासूम के साथ हिंदी फिल्म “घोड़ी पे चढ़कर आना” की शूटिंग का शुभारंभ किया।
फिल्म की शूटिंग शुरू होने के मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी रही। इससे जेवर क्षेत्र में फिल्म निर्माण को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
शूटिंग के शुभारंभ पर मौजूद रहे कई लोग
हिंदी फिल्म “घोड़ी पे चढ़कर आना” की शूटिंग के शुभारंभ के अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर त्यागी, ग्रेटर नोएडा जोन के सहायक पुलिस आयुक्त चतुर्थ (एसीपी) सार्थक सेंगर, कोतवाली प्रभारी जेवर संजय कुमार सिंह सहित मुरलीधर शर्मा, हरिदत्त शर्मा, दिनेश शर्मा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस दौरान फिल्म की शूटिंग को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह नजर आया। फिल्म निर्माण की गतिविधि शुरू होने को जेवर में प्रस्तावित फिल्म सिटी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जेवर फिल्म सिटी युवाओं को देगी बड़ा प्लेटफॉर्म
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने फिल्म के सभी कलाकारों का स्वागत करते हुए कहा कि जेवर फिल्म सिटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि फिल्म सिटी का शुभारंभ जल्द होने जा रहा है।
विधायक ने कहा कि फिल्म सिटी की स्थापना के बाद क्षेत्र के नौजवानों को अपने हुनर और प्रतिभा को सामने लाने के लिए एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म सिटी देश की बेहतरीन फिल्म सिटी के रूप में विकसित होगी।
फिल्म सिटी से औद्योगिक और पर्यटन विकास को मिलेगी रफ्तार
धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जेवर फिल्म सिटी केवल फिल्म निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। फिल्म सिटी के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार और प्रतिभाओं के लिए नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
जेवर में फिल्म “घोड़ी पे चढ़कर आना” की शूटिंग का शुभारंभ ऐसे समय हुआ है, जब प्रस्तावित फिल्म सिटी को लेकर क्षेत्र में काफी उत्सुकता है। ऐसे में फिल्म की शूटिंग को जेवर के बढ़ते फिल्मी महत्व की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है।



























