संध्या समय न्यूज संवाददाता
पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन ने गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद पर्यावरण की सुरक्षा हेतु एक संकल्प का आह्वान किया। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर हम भी एक एक पौधा जरूर लगाएं। विश्वास फाउंडेशन कई वर्षों से 5000 पौधे लगाता और लगवाता चला आ रहा है। इसी श्रंखला की शुरुआत आज विश्वास मेडिटेशन सेंटर सेक्टर 9 पंचकुला में विश्वास मेडिटेशन सत्संग की साप्ताहिक बैठक में संगत को 250 पौधे वितरण करके की गई। जिसमें नीम, सहजन, आँवला, गुलमोहर, जामुन, तुलसी व कढ़ीपत्ते के पौधे संगत को बांटे गए।
आज पर्यावरण संकट के दौर से गुजर रहा है। तो इस प्रकार के संकल्प हमें दोहरी दिशा में प्रेरित करते हैं। एक और यह प्रकृति की सेवा है और दूसरी और यह अध्यात्म का अभ्यास है। यह एक ऐसा कदम है जिसमें भक्ति और कर्तव्य एक साथ चलता है। जैसे सद्गुरु हमारे जीवन के मार्गदर्शक प्रेरणास्त्रोत और आत्मिक विकास के आधार स्तम्भ होते हैं ठीक वैसे ही एक पौधा धरती को जीवन देता है। इसी भाव से प्रेरित होकर आज संकल्प करते है कि हम प्रकृति से प्रेम करेंगे उसका सम्मान करेंगे और पर्यावरण की सुरक्षा हेतु अपना धर्म निभाएंगे और गुरुपूर्णिमा के इस पावन अवसर पर एक पौधा गुरु के नाम लगाएंगे।
विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने पंचकूला शहर के सभी निवासियों को अपील करते हुए कहा कि सभी एक एक पौधा अवश्य लगाएं और अपने गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करें और साथ साथ धरती माँ का भी सम्मान करें।