UP News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का बड़ा कैबिनेट विस्तार हो चुका है और अब मंत्रियों के विभागों के बंटवारे का दौर शुरू होने वाला है। इसी बीच, यूपी की सियासत से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में तेज हलचल मचा दी है। कैबिनेट विस्तार के ठीक बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज भाजपा नेता स्मृति ईरानी का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुकाबला हुआ है, जिसकी चर्चा पूरे राज्य में हो रही है।
सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर, बताई ये बात
स्मृति ईरानी ने सीएम योगी से अपनी मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर की। तस्वीर के साथ उन्होंने एक लंबा और सार्थक कैप्शन भी लिखा। स्मृति ईरानी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने हेतु समर्पित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अमेठी में मेरे कार्यकाल, प्रदेश में हुए विकास व आधारभूत संरचना कार्यों तथा महिला सशक्तिकरण और नारीशक्ति के लिए उद्यमिता से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
क्यों चर्चा में है ये मुलाकात?
कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद हुई इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक पंडितों की दिलचस्पी बढ़ गई है। बता दें कि स्मृति ईरानी यूपी की सियासत की पुरानी चेहरा रही हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अमेठी से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हराकर बड़ा सुर्खियां बटोरी थीं। वह केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। हालांकि, साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें अपनी गढ़ अमेठी से हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में हार के बाद यूपी की सियासत में उनकी अगली चाल पर सबकी नजरें हैं।
योगी कैबिनेट में इन नेताओं को मिली जगह
वहीं, कैबिनेट विस्तार की बात करें तो योगी मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को जगह मिली है और कई वरिष्ठ नेताओं को पदोन्नत किया गया है।
- कैबिनेट मंत्री: भूपेंद्र चौधरी और मनोज कुमार पांडेय ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है।
- राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार): अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को राज्य मंत्री के पद से पदोन्नत कर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
- राज्य मंत्री: खैर विधायक सुरेंद्र दिलेर, कैलाश राजपूत, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा को राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया गया है।
शपथ लेने के बाद सभी नए मंत्रियों ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया है और भरोसा दिलाया है कि वे अपनी जिम्मेदारियों पर पूरी तरह खरे उतरेंगे और यूपी के विकास में योगदान देंगे।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि स्मृति ईरानी की यह मुलाकात सिर्फ एक शिष्टाचार भेंट है या फिर यूपी की राजनीति में उनके किसी नए भूमिका निभाने का संकेत है।























