हर महीने की शुरुआत आम आदमी की जेब के लिए कई अहम बदलाव लेकर आती है। मार्च 2026 का महीना भी इससे अलग नहीं है। आगामी 1 मार्च से देश में कई ऐसे बड़े नियम बदलने जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर आपकी दिनचर्या और मासिक खर्चों को प्रभावित करेंगे। एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर रेलवे टिकट बुकिंग, डिजिटल पेमेंट और सिम कार्ड नियमों तक—ये बदलाव आपकी जेब पर गहरा असर डाल सकते हैं।
आइए, जानते हैं कि मार्च की शुरुआत से कौन-कौन से नियम बदल रहे हैं और इसका आप पर क्या प्रभाव पड़ेगा:
1. एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
हर महीने की शुरुआत में सरकारी तेल कंपनियां एलपीजी गैस की कीमतों का निर्धारण करती हैं। पिछले कुछ समय से घरेलू (डोमेस्टिक) सिलेंडर के दामों में स्थिरता बनी हुई है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर के दामों में उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले महीने कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में लगभग 49 रुपये की बढ़ोतरी की थी। 1 मार्च को भी कमर्शियल और डोमेस्टिक दोनों श्रेणियों में कीमतों में बदलाव की उम्मीद है, जो सीधे तौर पर आपके रसोई घर के बजट को प्रभावित कर सकता है।
2. रेलवे टिकट बुकिंग का नया तरीका (UTS से RailOne)
भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव 1 मार्च 2026 से लागू होने जा रहा है। अब जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने का पुराना तरीका बदल जाएगा। रेलवे का पुराना ‘UTS’ ऐप 1 मार्च से बंद कर दिया जाएगा। इसकी जगह अब नया ‘RailOne’ ऐप पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। इस नए ऐप के जरिए यात्री जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल ट्रेन की यात्रा से जुड़ी सभी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। यह बदलाव तकनीकी सुविधा बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।

स्पोकन फेस्ट में ‘द मेहता बॉयज़’ को मिला जबरदस्त अपलॉज़
3. सिम बाइंडिंग: डिजिटल फ्रॉड पर लगेगी लगाम
सरकार बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को रोकने के लिए ‘सिम बाइंडिंग’ का नया नियम ला रही है। 1 मार्च से लागू होने वाले इस नियम के तहत, WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप्स अब सीधे आपके सिम कार्ड से लिंक होंगे। इसका सीधा मतलब यह है कि अगर आप अपने फोन से सिम कार्ड निकालते हैं, तो वाई-फाई या किसी अन्य नेटवर्क के होने के बावजूद ये ऐप्स तुरंत काम करना बंद कर देंगे। यह कदम साइबर अपराधियों द्वारा चोरी किए गए सिम या फर्जी नंबरों के इस्तेमाल को रोकने के लिए उठाया गया है।
4. UPI पेमेंट होगा और सुरक्षित
डिजिटल लेनदेन को और मजबूत बनाने के लिए UPI पेमेंट के नियमों में भी बदलाव किया जा रहा है। 1 मार्च से बड़ी रकम (हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन) का ऑनलाइन ट्रांसफर अब केवल UPI PIN से नहीं हो पाएगा। बैंक बड़े लेनदेन के लिए अतिरिक्त बायोमेट्रिक्स (जैसे फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन) या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य करने जा रहे हैं। इससे ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
5. बैंक अकाउंट के मिनिमम बैलेंस नियम में राहत
देश के बड़े सरकारी बैंक 1 मार्च 2026 से मिनिमम बैलेंस रखने के नियम में बदलाव कर रहे हैं। पहले अगर किसी एक दिन अकाउंट में पैसे कम होते थे, तो बैंक तुरंत पेनल्टी काट लेते थे। लेकिन नए नियम के तहत अब पेनल्टी ‘एवरेज मंथली बैलेंस’ (महीने का औसत बैलेंस) के आधार पर लगाई जाएगी। इससे ग्राहकों को अपने खाते में लगातार पैसे रखने का लच्छा मिलेगा और एक दिन के बैलेंस कम होने पर जुर्माना नहीं लगेगा।
6. CNG, PNG और ATF के दामों में बदलाव
पेट्रोलियम डिस्ट्रीब्यूटर कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) के साथ-साथ CNG और PNG की कीमतें रिवाइज करती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार और करों के आधार पर 1 मार्च से इनके दामों में बदलाव होना तय है। अगर CNG की कीमतें बढ़ीं, तो आपके आवाजाही का खर्च बढ़ सकता है।



















