Rule Change From 1st March: फरवरी की विदाई के साथ ही मार्च 2026 के आगमन ने आम जनता की जेब पर गहरा असर डाला है। महीने की पहली तारीख यानी 1 मार्च से देश में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जो सीधे तौर पर आपकी जेब और दैनिक जीवन को प्रभावित करेंगे। खाना पकाने से लेकर हवाई सफर तक, और रेलवे टिकट बुकिंग से लेकर मोबाइल सिम तक के नियमों में बदलाव हुए हैं।
आइए, जानते हैं इन 5 बड़े बदलावों के बारे में विस्तार से…
1. कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा
सबसे बड़ा झटका खान-पान को लेकर मिला है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 28 रुपये की वृद्धि की गई है, जबकि अन्य महानगरों में यह दर 31 रुपये तक पहुंच गई है। इससे पहले फरवरी में भी इसमें 50 रुपये का इजाफा किया गया था।
Golmaal 5 शूटिंग शुरू होते ही अजय-रोहित की फिल्म ने मचाई धूम
नई कीमतें (1 मार्च 2026 से लागू) दिल्ली: 1740.50 रुपये से बढ़कर 1768.50 रुपये, कोलकाता: 1844.50 रुपये से बढ़कर 1875.50 रुपये, मुंबई: 1692 रुपये से बढ़कर 1720.50 रुपये, चेन्नई: 1899.50 रुपये से बढ़कर 1929 रुपये। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 8 अप्रैल 2025 से कोई बदलाव नहीं किया गया है।
2. हवाई सफर होगा महंगा
LPG के साथ ही हवाई यात्रियों के लिए भी खर्च बढ़ने की खबर है। तेल कंपनियों ने हवाई ईंधन (ATF) की कीमतों में भारी उछाल दर्ज की है। ATF की कीमतों में बढ़ोतरी से हवाई किराया बढ़ने की आशंका बन गई है।
नए ATF दाम है दिल्ली 91,393.39 रुपये से बढ़कर 96,638.14 रुपये प्रति किलोलीटर। कोलकाता 94,445.62 रुपये से बढ़कर 99,587.14 रुपये। चेन्नई: 94,781.99 रुपये से बढ़कर 1,00,280.49 रुपये।
3. रेलवे का पुराना ऐप होगा बंद
भारतीय रेलवे ने तकनीकी सुविधा को लेकर एक अहम कदम उठाया है। 1 मार्च 2026 से रेलवे का पुराना ऐप ‘UTS’ बंद कर दिया जाएगा। अब यात्रियों को टिकट बुकिंग और अन्य सेवाओं के लिए रेलवे के नए ऐप ‘RailOne’ का इस्तेमाल करना होगा। इस बदलाव से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
4. सिम-बाइंडिंग नियम लागू
डिजिटल सुरक्षा को लेकर सरकार का एक और अहम नियम 1 मार्च से लागू हो गया है। दूरसंचार विभाग (DoT) के नए नियम के मुताबिक, अब OTT मैसेजिंग ऐप्स (जैसे WhatsApp, Telegram) का खाता एक्टिव सिम से जुड़ा होना अनिवार्य होगा। अगर आपके फोन में वह सिम नहीं है, जिससे आपका व्हाट्सएप या टेलीग्राम रजिस्टर्ड है, तो आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और ऐप की सेवाएं सीमित हो सकती हैं। यह कदम साइबर फ्रॉड रोकने के लिए उठाया गया है।
5. बैंकों में बंपर छुट्टियां
अगर आप इस महीने बैंक से जुड़ा कोई काम करवाने की सोच रहे हैं, तो सावधानी बरतें। त्योहारों के सिलसिले में मार्च महीने में बैंकों को बंपर छुट्टियां मिलने वाली हैं। होली, गुढ़ी पड़वा, ईद, राम नवमी और महावीर जयंती जैसे त्योहारों के चलते महीने भर में कुल 18 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें दूसरा और चौथा शनिवार के साथ-साथ रविवार की साप्ताहिक छुट्टियां भी शामिल हैं।

























