संध्या समय न्यूज
टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले से पहले रामनगरी अयोध्या में टीम इंडिया की जीत के लिए भारी उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है। 8 मार्च को होने वाले भारत-न्यूज़ीलैंड के फाइनल मैच से पहले अयोध्या के विश्व विराट विजय राघव मंदिर में टीम की विजय की कामना के लिए विशेष यज्ञ और हवन अनुष्ठान का आयोजन किया गया है।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन
मंदिर परिसर में सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन और अनुष्ठान शुरू किया गया। संत-महात्माओं ने भगवान राघवेंद्र सरकार के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना करते हुए भगवान राम और बजरंगबली से टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की। पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण छाया रहा और मंत्रों की गूंज से वातावरण आस्थापूर्ण हो गया।
श्रद्धालुओं ने दिखाया उत्साह
मंदिर में संतों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। सभी लोग मिलकर भारतीय टीम की सफलता के लिए भगवान से आशीर्वाद मांग रहे हैं। संतों का मानना है कि खेल में मेहनत के साथ-साथ आस्था भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यह अनुष्ठान केवल खेल के लिए ही नहीं, बल्कि देश की प्रतिष्ठा और सम्मान से भी जुड़ा है।
सेमीफाइनल की सफलता से मिला विश्वास
संतों ने बताया कि इससे पहले भी बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले इसी मंदिर में हवन और पूजा-पाठ किया गया था, जिसके बाद टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले भी यहां अनुष्ठान हुआ था, जिसके बाद भारत ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इस सफलता के बाद रामनगरी में टीम के प्रति विश्वास और उत्साह और बढ़ गया है।
दिल्ली: उत्तम नगर हत्याकांड में प्रशासन एक्शन मोड में, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
अहमदाबाद में होगा महामुकाबला
बता दें कि भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच यह फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। अयोध्या के संतों और श्रद्धालुओं की कामना है कि टीम इंडिया इस विश्व कप को अपने नाम करके देश का गौरव एक बार फिर बढ़ाए। वर्तमान में पूरे देश की नज़रें इस मैच पर टिकी हैं और अयोध्या से उठ रही प्रार्थनाएं टीम के लिए शुभ साबित हों, यही सबकी कामना है।
























