संध्या समय न्यूज
Iran Attacks US Embassy: मध्य पूर्व (Middle East) में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे तनाव ने खतरनाक मोड़ ले लिया है। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई के बाद अब ईरान भी जबरदस्त पलटवार कर रहा है। मंगलवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर ईरान ने भीषण ड्रोन हमला कर दिया, जिससे अमेरिका बुरी तरह दहल गया है। हमले की तीव्रता को देखते हुए अमेरिका ने आनन-फानन में अपने नागरिकों को मध्य पूर्व के 14 देशों से तुरंत वापस लौटने की सलाह जारी कर दी है।
रियाद का अमेरिकी दूतावास बना निशाना
सूत्रों के मुताबिक, ईरान ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला किया। इस हमले में दूतावास में आग लग गई और जोरदार विस्फोट हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दूतावास की छत और दीवारों से घने धुएं और आग की लपटें उठती दिख रही हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने इस हमले के पीछे ईरानी ड्रोन का हाथ स्पष्ट रूप से देखा है। इस घटना के बाद अमेरिकी नागरिकों में दहशत का माहौल है।
अमेरिका की बड़ी कार्रवाई: 14 देशों से निकलने की एडवाइजरी
रियाद हमले के बाद अमेरिका ने संजीदा रुख अख्तियार किया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान जारी कर कहा है कि ईरान के हमलों का कड़ा जवाब दिया जाएगा। सुरक्षा जोखिम को गंभीर बताते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों को ‘जान बचाने’ के लिए तुरंत अपने देश लौटने को कहा है। विभाग ने मध्य पूर्व के उन 14 देशों की सूची जारी की है, जहां से अमेरिकी नागरिकों को तत्काल प्रस्थान करना है। इन देशों में बहरीन, कुवैत, मिस्र, लेबनान, ईरान, ओमान, इराक, कतर, इजराइल, वेस्ट बैंक, गाजा, सऊदी अरब, सीरिया, जॉर्डन, यूएई और यमन शामिल हैं। अमेरिकी असिस्टेंट सेक्रेटरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हेल्पलाइन नंबर भी शेयर किए हैं।
दुबई में फंसी 6 साल की बेटी की बात सुन सिंगर एमी विर्क हुए इमोशनल
6 अमेरिकी सैनिकों की मौत, जंग और भीषण
इस बीच युद्ध का दायरा और विस्तार होता जा रहा है। अमेरिका ने खुद कबूल किया है कि ईरान के साथ चल रहे संघर्ष में उसके 6 सैनिक मारे जा चुके हैं। अमेरिकी बलों ने हाल ही में दो ऐसे सैनिकों के अवशेष भी बरामद किए हैं, जो पहले लापता थे। अमेरिका का कहना है कि बड़े सैन्य अभियान अभी जारी हैं और इस युद्ध को खत्म होने में कई हफ्ते लग सकते हैं। दूसरी ओर, ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है।
युद्ध के मैदान के ताज़ा अपडेट्स
मिडिल ईस्ट में हालात बेकाबू हैं और हर तरफ हमलों की खबरें हैं:
- रियाद: अमेरिकी राजनयिक क्षेत्र में दो नए धमाके सुने गए हैं।
- कुवैत: ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कुवैत में अमेरिकी आरिफजान बेस को 10 ड्रोन से निशाना बनाया।
- दुबई:ईरान ने दावा किया कि दुबई में जमा अमेरिकी फोर्स पर ड्रोन हमले में 160 सैनिक मारे गए।
- बेरूत: इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के मुख्यालय और हथियार डिपो पर हमला किया।
- कतर: कतर की रक्षा व्यवस्था ने कई क्षेत्रों को निशाना बनाने वाली दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया।
- इराक: इराकी सशस्त्र समूहों ने एरबिल में अमेरिकी सैनिकों के ठिकाने पर ड्रोन हमला किया।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच यह टकराव अब एक बड़े युद्ध का रूप ले चुका है, जिसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और तेल उत्पादन पर भी पड़ सकता है।
























