बंगाल हार के बाद एक्टिव हुआ INDIA गठबंधन, ममता से मिले अखिलेश

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा, चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कोई भी कभी नहीं सोच सकता था कि भाजपा, चुनाव कमीशन और उनके साथी मिलकर इस तरह की बेईमानी करेंगे। अंडरग्राउंड लोगों ने मिलकर चुनाव कराया।

अखिलेश यादव बोले- दीदी आप हारी नहीं, आपको हराया गया

HIGHLIGHTS

  • बंगाल चुनाव पर सपा प्रमुख का बड़ा हमला
  • चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
  • ममता के समर्थन में उतरे अखिलेश
  • अभिषेक बनर्जी से गले मिले अखिलेश
  • बंगाल चुनाव के बाद बढ़ी सियासी हलचल

Akhilesh Yadav Meets Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी को करारी शिकस्त के बाद ‘इंडिया गठबंधन’ में एकजुटता के संकेत शुरू हो गए हैं। गुरुवार को कोलकाता पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान अखिलेश ने ममता बनर्जी का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि दीदी, आप चुनाव हारी नहीं हैं, आपको हराया गया है।

अभिषेक बनर्जी से गले मिले अखिलेश

सूत्रों के अनुसार, कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास पर करीब तीन बजकर 15 मिनट पर हुई इस मुलाकात में गठबंधन की नेतृत्व की एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। अखिलेश यादव ने जहां हाथ जोड़कर ममता बनर्जी के प्रति गहरा सम्मान और प्रेम व्यक्त किया, वहीं अभिषेक बनर्जी उनसे गले लगे। अखिलेश यादव ने अभिषेक बनर्जी से कहा कि आप सबने क्या जबरदस्त लड़ाई लड़ी है, काबिल-ए-तारीफ है।

‘UP में था ट्रायल, बंगाल में चुनाव लूटा’

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा, चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कोई भी कभी नहीं सोच सकता था कि भाजपा, चुनाव कमीशन और उनके साथी मिलकर इस तरह की बेईमानी करेंगे। अंडरग्राउंड लोगों ने मिलकर चुनाव कराया।

उन्होंने उत्तर प्रदेश और बंगाल के चुनावों की तुलना करते हुए आरोप लगाया है कि अभी तक हम सुनते थे कि जो आज बंगाल करता है, वो कल देश करता है। लेकिन भाजपा ने जो यूपी में बेईमानी की, वह सिर्फ एक ट्रायल (परीक्षण) था। उसे देखकर उन्होंने बंगाल में पूरे चुनाव को लूट लिया।

सेंट्रल फोर्स और अधिकारियों पर उठाए सवाल

अखिलेश ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी में चुनाव के दौरान ना तो डीजीपी को हटाया गया, ना मुख्य सचिव और ना ही जिलाधिकारियों की तबादला की गई, लेकिन बंगाल में पूरे स्ट्रक्चर को बदल दिया गया है। चुनाव के बाद सेंट्रल फोर्स के लोगों को 15 दिन की छुट्टी दी जा रही है। ऐसी छुट्टी कभी सेंट्रल फोर्स को नहीं मिली। पॉलिटिकल वर्कर्स और पार्टी ऑफिस के साथ जिस तरह का दुर्व्यवहार हो रहा है, वैसा हमने सरकार में रहते हुए भी नहीं देखा।

टीएमसी की अंदरूनी बैठक और 9 गायब विधायक

गौरतलब है कि इस मुलाकात से एक दिन पहले (बुधवार शाम) अभिषेक बनर्जी के आवास पर टीएमसी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई थी। इस एक घंटे की बैठक में पार्टी के 9 विधायक नदारद रहे, जिससे कमलनाथ के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश कांग्रेस जैसी स्थिति की अटकलें लगने लगी हैं। बैठक में अभिषेक बनर्जी ने स्पष्ट कहा कि पार्टी चुनाव में हुई बेईमानी को लेकर कोर्ट जाएगी। उन्होंने विधायकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर अलर्ट रहें क्योंकि चुनाव के बाद से हिंसा जारी है।

गठबंधन के नेताओं का जुटान

टीएमसी की करारी हार के बाद विपक्षी गठबंधन के नेता संपर्क में हैं। इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी फोन पर ममता बनर्जी से बातचीत की थी। बता दें कि बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई विपक्षी नेता टीएमसी के समर्थन में मैदान में उतरे थे।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now