संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस आरक्षी (Constable) के साथ बदसलूकी करने और रास्ता रोकने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को सांसद का ड्राइवर बताकर पुलिस पर धौंस जमा रहे थे, लेकिन पुलिस की पूछताछ में यह बात झूठी साबित हुई।
क्या है पूरा मामला?
रविवार को अपनी ड्यूटी खत्म करके पीआरवी वाहन पर तैनात आरक्षी गिझोड़ ग्राम की तरफ जा रहा था। जहां पर चार लोगों ने अपने वाहन इस तरह से खड़े किए थे, कि रास्ता रोक रखा था। जिसपर आरक्षी ने आपत्ति जताई और वाहन हटाने को कहा। इसपर चारों व्यक्तियों ने अपनी मोटरसाइकिल हटाने से इंकार कर दिया और साथ ही आरक्षी के साथ बदसलूकी भी करने लगे। आरोपियों की पहचान शिवकुमार पुत्र नरेंद्र यादव, दीपक पुत्र नरेंद्र यादव, शिवम पुत्र नरेंद्र यादव और अनूप पुत्र राजू यादव के तौर पर हुई है।
इस पूरे मामले की जानकारी आरक्षी ने नोएडा सेक्टर-24 थाना को दी। जिसपर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, ये लोग सांसद का ड्राइवर होने की बात कर रहे थे। लेकिन पुलिस द्वारा बताया गया है कि चारों अभियुक्तों में कोई भी सांसद का ड्राइवर नहीं है। पुलिस मामले में आगे की कार्यवाही कर रही है।


























