Gujarat News: गुजरात के अमरेली जिले में रविवार शाम को भूकंप के झटकों से लोगों में हड़कंप मच गया। गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (ISR) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 3.1 मापी गई। हालांकि, इस घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है, लेकिन लगातार दूसरी बार झटके महसूस होने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
भूकंप का केंद्र और गहराई
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह झटका शाम 4:10 बजे दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र (Epicenter) अमरेली से लगभग 42 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व (SSE) दिशा में स्थित था। भूकंपीय उत्पन्न होने की गहराई सतह से 11.6 किलोमीटर मापी गई है।
6 दिनों में दूसरी बार कांपा सौराष्ट्र
यह कोई एकल घटना नहीं है। बीते 6 दिनों के दौरान सौराष्ट्र क्षेत्र में यह दूसरी बार है जब धरती ने कांपा है। इससे पहले मंगलवार को सौराष्ट्र के ही राजकोट जिले में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था। लगातार आ रहे भूकंपीय झटकों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें : सोम प्रदोष व्रत कब और कैसे करें? जानें पूजा का सही समय, विधि और व्रत कथा
इन गांवों में महसूस किए गए झटके
भूकंप के झटके अमरेली के खंभा गिर इलाके में सबसे अधिक तेज महसूस किए गए। नाना विसावदार, अनिडा, इंगोराला, नानी धारी समेत आसपास के कई गांवों के लोगों ने झटका महसूस किया। सावरकुंडला विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेश कसवाला ने बताया कि मित्याला गांव के सरपंच ने पुष्टि करते हुए कहा कि रविवार शाम का झटका काफी तेज था, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए।
सीएम ने भेजी तकनीकी टीम
भूकंप की लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए विधायक महेश कसवाला ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात की। कसवाला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि भूकंप की वजह और आगे की स्थिति की जांच के लिए अमरेली एक विशेष तकनीकी टीम भेजी जाएगी। फिलहाल, स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है और इलाके में किसी भी तरह के नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक किसी भी गांव से जान या माल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं आई है।















