संध्या समय न्यूज
UP News : देशभर में एलपीजी (LPG) गैस की भारी किल्लत ने आम जनता के साथ ही व्यापारियों को भी परेशान कर दिया है। राम नगरी अयोध्या में इस संकट ने इस कदर हाहाकार मचा दिया है कि अगले 48 घंटों में शहर के 50 प्रतिशत से अधिक होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की आशंका जताई जा रही है। कॉमर्शियल गैस की सप्लाई बंद होने से न केवल व्यापारी पस्ते नजर आ रहे हैं, बल्कि मंदिरों में भंडारे और प्रसाद निर्माण भी प्रभावित हो रहा है।
होटल-रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर
अयोध्या में रोजाना लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिनके भोजन की जिम्मेदारी होटलों और रेस्टोरेंट की है। लेकिन गैस सिलेंडर न मिलने की वजह से ये संस्थान काम करने को मजबूर हैं। अयोध्या धाम व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटे में गैस की सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो शहर के आधे से अधिक होटल और रेस्तरां बंद करने पर मजबूर होंगे। उन्होंने बताया कि रामलाला और हनुमानजी महाराज को चढ़ाए जाने वाले लड्डू प्रसाद के निर्माण में भी बाधा आ रही है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली: उत्तम नगर मछली मंडी में भीषण आग, 400 झुग्गियां जलकर खाक
व्यापारियों ने खोजा विकल्प
होटल संचालक आंचल गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं को भोजन और पानी की सुविधा देना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन गैस न मिलने से यह काम मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि व्यवसाय को चलाए रखने के लिए उन्हें अब कोयले की भट्टी का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से शाम तक लंबी लाइनें लग रही हैं, जहां लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
मंदिरों में भंडारा बंद, संत-महंत सकते में
गैस की कमी का असर धार्मिक गतिविधियों पर भी साफ दिख रहा है। कई बड़े मंदिरों में सुबह, दोपहर और शाम के भंडारे बंद कर दिए गए हैं। प्रसाद के रूप में अब केवल फल ही वितरित किया जा रहा है। संत-महंत इस समस्या से काफी परेशान हैं और उन्होंने इस विषय पर बैठक कर रणनीति तैयार की है।
13 मार्च को प्रशासन से मुलाकात
संत समाज ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है। 13 मार्च को संतों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल DM के समक्ष गैस की गंभीर किल्लत का मुद्दा उठाएगा और मठ-मंदिरों में भोजन और प्रसाद के लिए कम से कम गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग करेगा।





















Comments are closed.