संध्या समय न्यूज
Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पश्चिमी जिले में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब उत्तम नगर स्थित मछली मंडी में अचानक भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में करीब 300 से 400 झुग्गियां जलकर राख हो गईं, हालांकि सौभाग्य से इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग ने लिया विकराल रूप, मचा हड़कंप
घटना मटियाला क्षेत्र के पास स्थित मछली मंडी की है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मंडी के कई हिस्से इसकी चपेट में आ गए। घनी आबादी और बाजार होने के कारण आग फैलने का खतरा काफी अधिक था। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों व स्थानीय लोगों में हड़कंप फैल गया। लोग अपनी जान बचाने और सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में जुट गए।
यह भी पढ़ें :शनाया कपूर-आदर्श गौरव की ‘तू या मैं’ फ्लॉप, जानें लाइफटाइम कलेक्शन?
23 फायर टेंडर ने दी दमन सेवा
सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर 23 फायर टेंडर भेजे। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच आग को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया गया। दमकल विभाग की समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इसमें कई दुकानों और सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस कर्मियों ने दिखाई बहादुरी, सीएनजी कार को किया सुरक्षित
इस दौरान पुलिसकर्मियों की बहादुरी भी सामने आई। घटनास्थल पर एक सीएनजी क्रेटा कार खड़ी थी। आग लगने पर कार में सिलेंडर फटने की आशंका थी, जिससे और बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कार का शीशा तोड़कर उसे आग के बीच से बाहर निकाल लिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। विभाग मामले की गहन जांच कर आग लगने की वास्तविक वजह पता लगाएगा।

























