Bollywood News: बॉलीवुड के वरिष्ठ और दिग्गज फिल्म निर्माता के. सी. बोकाडिया (K.C. Bokadia), जिन्होंने दशकों तक भारतीय सिनेमा को कई सुपरहिट और मसालेदार फिल्में दी हैं, एक बार फिर चर्चा में हैं। लगातार मेहनत और लगन से फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले बोकाडिया की नई फिल्म ‘तीसरी बेगम’29 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
संजीव कुमार से लेकर ऐश्वर्या राय तक का सफर
बता दें कि बोकाडिया का फिल्मी सफर बड़े पैमाने पर शुरू हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘रिवाज़’ से की थी, जिसमें संजीव कुमार, माला सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अब तक लगभग 60 फिल्मों का निर्माण कर एक बड़े मुकाम हासिल किया।
उनकी निर्माण कुछ ऐसी फिल्में रहीं जो बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार साबित हुईं। इस लिस्ट में ‘प्यार झुकता नहीं’, ‘तेरी मेहरबानियां’, ‘आज का अर्जुन’, ‘नसीब अपना अपना’, ‘मैदान ऐ जंग’, ‘कुदरत का कानून’, ‘जवाब हम देंगे’ और ‘फूल बने अंगारे’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
बिग बी और रजनीकांत के साथ खास जोड़ी
बोकाडिया की सबसे बड़ी ताकत रही है उनका हर दौर के बड़े सितारों के साथ काम करना। उन्होंने मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ ‘आज का अर्जुन’ और ‘लाल बादशाह’ जैसी काफी सफल फिल्में बनाईं। वहीं, दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत के साथ उनकी 5 फिल्में आईं, जिन्हें उनके करियर की विशेष उपलब्धि माना जाता है।
नई पीढ़ी के साथ कदम बढ़ाते हुए उन्होंने सलमान खान, शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय को लेकर ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ बनाई, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। सनी देओल और प्रियंका चोपड़ा जैसे कलाकारों के साथ भी उन्होंने अपनी बेहतरीन फिल्मों में काम करवाया है।
अधूरी फिल्म को दी नई जान
एक फिल्मकार के रूप में बोकाडिया का एक काम बेहद प्रशंसनीय रहा। उन्होंने मशहूर निर्देशक के. आसिफ की अधूरी रह गई फिल्म ‘लव एंड गॉड’ को अपने अनुभव और समर्पण से पूरा किया।
हाल के वर्षों में भी उन्होंने अपनी रफ्तार कायम रखी। उनका धारावाहिक ‘सरदार’ दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ और दर्शकों को काफी पसंद आया। इसके अलावा अनुपम खेर, महिमा चौधरी और अन्नू कपूर अभिनीत उनकी फिल्म ‘सिग्नेचर’ को भी अच्छा प्रतिसाद मिला।
‘तीसरी बेगम’ की कहानी है अलग
अब सभी नजरें उनकी आगामी फिल्म ‘तीसरी बेगम’ पर टिकी हैं। 29 मई को रिलीज होने वाली इस फिल्म की कहानी काफी अनोखी है। फिल्म एक ऐसे मुस्लिम किरदार की कहानी पर आधारित है, जो तीन शादियां करता है—एक मुस्लिम, एक राजपूत और एक ब्राह्मण लड़की से।

बताया जा रहा है कि फिल्म की विषयवस्तु को लेकर यह सेंसर बोर्ड की प्रमाणन प्रक्रिया में कुछ समय के लिए अटकी हुई थी। हालांकि, अब सभी आपत्तियों को दूर कर लिया गया है और फिल्म के प्रदर्शन का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है।
करीब पांच दशकों के लंबे करियर में लगभग हर बड़े कलाकार के साथ काम कर चुके के. सी. बोकाडिया का यह सफर नई पीढ़ी के फिल्मकारों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। अब देखना यह होगा कि ‘तीसरी बेगम’ बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है।























