Delhi News: दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड (ANS) ने अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत शनिवार को पूर्वी जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो ड्रग सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 45.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने 2,65,400 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री भी जब्त की है।
खुफिया जानकारी पर छापा
बता दें कि दो अप्रैल को पुलिस को विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली कि शशि गार्डन के जवाहर मोहल्ला स्थित एक आवासीय परिसर में दो लोग बड़ी मात्रा में गांजा रखकर उसे आगे बांटने की तैयारी कर रहे हैं। इस सूचना पर एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर अरुण कुमार (इंचार्ज ANS/ईस्ट) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई राहुल मोंगा, एसआई विकास, एएसआई अरुण कुमार, एएसआई अमित कुमार समेत अन्य जवान शामिल थे।
यह भी पढ़ें : मासिक राशिफल अप्रैल 2026: जानिए ग्रहों की चाल से आपके जीवन में आएंगे क्या बदलाव?
तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर छापा मारा। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपी गांजे को छोटी-छोटी पाउच में पैक करने में व्यस्त पाए गए। तलाशी के दौरान चार प्लास्टिक बैगों में रखा गांजा बरामद हुआ, जिसे वजन करने पर कुल 45 किलो 760 ग्राम पाया गया।
NDPS एक्ट में दर्ज मामला
बरामद गांजे की मात्रा NDPS एक्ट के तहत ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ (व्यावसायिक मात्रा) की श्रेणी में आती है। इस संबंध में पांडव नगर थाने में एफआईआर नंबर 90/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
आवासीय कॉलोनियों में छिपाकर रखते थे गांजा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम (28) और मोनू उर्फ अभिषेक (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली-NCR में सक्रिय एक संगठित नारकोटिक्स सप्लाई चेन का हिस्सा हैं। आरोपियों ने बताया कि वे दूसरे राज्यों से थोक में गांजा मंगवाते थे और शक से बचने के लिए उसे आवासीय इलाकों में छिपाकर रखते थे। आसानी से बिक्री करने के लिए उन्हें स्टेपलर और चिपकने वाली टेप की मदद से छोटी पाउच में पैक किया जाता था, जिसे लोकल नेटवर्क के जरिए बेचा जाता था।
क्लीन इमेज के थे आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। नदीम शशि गार्डन का रहने वाला है, जो शादीशुदा है और 8वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वहीं, मोनू शास्त्री मोहल्ला, पटपड़गंज का निवासी है, जो अविवाहित है और 7वीं कक्षा तक का ही पढ़ा-लिखा है।
अंतरराज्यीय कनेक्शन पर फोकस
यह सफलता दिल्ली पुलिस के संगठित ड्रग नेटवर्क को तोड़ने के निरंतर प्रयासों का नतीजा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में इस सप्लाई चेन के पिछले और आगे के लिंकेज की गहराई से जांच की जा रही है। खासतौर पर अंतरराज्यीय कनेक्शनों को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस को आगे की जांच में इस मामले से जुड़े और बड़े रैकेट्स के खुलासे और गिरफ्तारियों की संभावना है।




















