Delhi News: दिल्ली में ‘O जोन’ को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। इस मुद्दे पर भाजपा के सांसद मनोज तिवारी और आप पार्टी (AAP) के विधायक संजय झा के बीच मंगलवार देर रात तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मामला उत्तर दिल्ली के जगतपुर गांव और बुराड़ी क्षेत्र में कथित तोड़फोड़ की कार्रवाई से जुड़ा है, जिसे लेकर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
Delhi News: जाने क्या है पूरा मामला?
बुराड़ी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से ‘O जोन’ को लेकर लोगों के बीच असमंजस बना हुआ है। स्थानीय निवासियों को आशंका है कि इस श्रेणी में आने वाले क्षेत्रों में निर्माण कार्यों पर कार्रवाई या तोड़फोड़ हो सकती है। इसी बीच जगतपुर गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर हुई कार्रवाई के बाद विवाद और बढ़ गया।
आप पार्टी विधायक संजीव झा गांव के कुछ लोगों के साथ देर रात सांसद मनोज तिवारी के आवास पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद द्वारा लोगों को आश्वासन दिए जाने के बावजूद क्षेत्र में तोड़फोड़ की कार्रवाई हुई, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया है।
Delhi News: मनोज तिवारी ने समझाया ‘O जोन’ का मतलब
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि ‘O जोन’ को लेकर आप पार्टी जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने बताया कि नदी पर बने बांध के बाद बांध और नदी के बीच का क्षेत्र ‘O जोन’ माना जाता है। जबकि बांध के अंदर बसे कई इलाके कानूनी रूप से ‘O जोन’ के दायरे में नहीं आते।
मनोज तिवारी के अनुसार, वर्षों पहले की गई मैपिंग और रिकॉर्डिंग में कुछ कॉलोनियों को गलती से ‘O जोन’ में दर्ज कर दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की करीब 10 कॉलोनियां ऐसी हैं, जिन्हें तकनीकी त्रुटि के कारण ‘O जोन’ में दिखाया गया, जबकि वास्तविक स्थिति अलग है।
सांसद ने कहा कि इस मुद्दे पर उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, नगर निगम और अन्य विभागों के साथ बैठक हुई है। सभी संबंधित एजेंसियों ने सहमति बनाई है कि जो क्षेत्र कानूनी रूप से ‘O जोन’ में नहीं आते, उन्हें इस श्रेणी से बाहर किया जाएगा और इस संबंध में अदालत को भी जानकारी दी जाएगी।
Delhi News: आप पार्टी पर ग्रामीणों को गुमराह करने का आरोप
मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि आप पार्टी विधायक संजीव झा और स्थानीय पार्षद गगन चौधरी ग्रामीणों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में डर फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
सांसद ने यह भी दावा किया कि जगतपुर गांव में जिस निर्माण पर कार्रवाई हुई, उसे ‘O जोन’ की कार्रवाई बताकर गलत तरीके से प्रचारित किया गया। उनके अनुसार, यह कार्रवाई किसी अन्य कारण से हुई थी और इसका ‘O जोन’ विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में ‘O जोन’ के नाम पर किसी भी तरह की अनावश्यक कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी और स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा की जाएगी।
Delhi News: संजीव झा ने उठाए सवाल
दूसरी ओर, विधायक संजीव झा ने कहा कि कुछ दिन पहले सांसद मनोज तिवारी ने स्वयं क्षेत्र में जाकर लोगों को भरोसा दिलाया था कि कोई तोड़फोड़ नहीं होगी। लेकिन उसके बावजूद जगतपुर गांव में कार्रवाई हुई, जिससे लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।
संजीव झा के मुताबिक, स्थानीय निवासियों में यह आशंका बनी हुई है कि आने वाले दिनों में और भी तोड़फोड़ की जा सकती है। इसी चिंता को लेकर गांव के बुजुर्गों और निवासियों के साथ वे सांसद से मिलने पहुंचे थे।
उन्होंने मांग की कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर लोगों को स्पष्ट आश्वासन दें कि बिना उचित प्रक्रिया के किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को डर और अनिश्चितता के माहौल में नहीं रखा जाना चाहिए।
Delhi News: डीडीए और एमसीडी की भूमिका पर भी बहस
मनोज तिवारी ने स्पष्ट किया कि यदि ‘O जोन’ के तहत किसी प्रकार की कार्रवाई की जानी होती है, तो उसका अधिकार मुख्य रूप से दिल्ली विकास प्राधिकरण के पास है। उनका कहना है कि इस मामले में दिल्ली नगर निगम की सीधी भूमिका नहीं होती।
सांसद ने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। वहीं आप पार्टी का कहना है कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा और उनके घरों को लेकर बनी आशंकाओं को दूर करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।





















