संध्या समय न्यूज
Delhi News : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने समावेशी और संवेदनशील शासन की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और परिवहन विभाग द्वारा संचालित सभी बस मार्गों में ट्रांसजेंडर यात्रियों को मुफ्त यात्रा योजना में शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
महिलाओं की तर्ज पर मिलेगी सुविधा
इस निर्णय के तहत, दिल्ली में निवास करने वाले पात्र ट्रांसजेंडर व्यक्ति अब DTC और क्लस्टर बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगे। सरकार की मंशा है कि यह सुविधा ठीक उसी तरह लागू होगी जैसे वर्तमान में दिल्ली की बसों में महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इसके लिए महिलाओं के लिए चल रही मुफ्त यात्रा योजना के समान ही व्यवस्था और तंत्र तैयार किया जाएगा।
‘समावेशी दिल्ली’ की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार एक अधिक समावेशी, न्यायसंगत और संवेदनशील दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य ऐसी राजधानी बनाना है जहां हर नागरिक को सम्मान के साथ अवसरों और सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच मिल सके।”
यह भी पढ़ें :‘भूत बंगला’ ने इंटरनेट पर मचाई तूफान! 24 घंटे में 55 मिलियन व्यूज
सरकार का मानना है कि यह फैसला राष्ट्रीय राजधानी में सामाजिक न्याय को सुदृढ़ करने और समावेशी शहरी परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और अहम कदम है। इस पहल से ट्रांसजेंडर समुदाय को शहर में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें रोजमर्रा के काम, नौकरी या अन्य जरूरतों के लिए आने-जाने में आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पहले शुरू हुई थी ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ योजना
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने हाल ही में महिलाओं के लिए बस में मुफ्त यात्रा को और सुविधाजनक बनाने के लिए ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ योजना की शुरुआत की थी। इस स्मार्ट कार्ड से दिल्ली की महिलाएं DTC बसों में मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। इस कार्ड ने पहले इस्तेमाल होने वाले गुलाबी कागज के टिकट का स्थान लिया है। सरकार का कहना है कि यह कार्ड शहर के विभिन्न केंद्रों पर महिलाओं को मुफ्त में दिया जा रहा है, ताकि माताओं, बहनों और बेटियों को सफर करने में आसानी हो।




















