संध्या समय न्यूज
Delhi News: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में आयोजित ‘परपल फेस्ट’ में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पहली बार एमसीडी स्कूलों के छात्रों को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला, जहां उन्होंने अपनी कला और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
नृत्य और फैंसी ड्रेस से दिखाई प्रतिभा
राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान में आयोजित इस कार्यक्रम में एमसीडी स्कूलों के कुल 11 दिव्यांग छात्रों ने हिस्सा लिया। इनमें से दो छात्रों ने अपनी नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीता, जबकि नौ छात्रों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का लोहा मनवाया। छात्रों के उत्साह और प्रतिभा ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उनकी सराहना हुई।
अमृत उद्यान का भ्रमण बना खास अनुभव
प्रदर्शन के अलावा, छात्रों के लिए सबसे खास बात राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान का भ्रमण था। देश की इस प्रतिष्ठित जगह को करीब से देखने का मौका मिलने पर छात्र बेहद खुश और प्रेरित दिखे। इस अनुभव ने उनमें नए उत्साह का संचार किया है।
विकास डागर समेत अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं निगम विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विकास डागर के साथ-साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा की सराहना की।
यह भी पढ़ें : ‘भूत बंगला’ ने इंटरनेट पर मचाई तूफान! 24 घंटे में 55 मिलियन व्यूज
निगम की ओर से समावेशी शिक्षा का संदेश
दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। निगम का उद्देश्य समावेशी शिक्षा के माध्यम से दिव्यांग छात्रों को समान अवसर देना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें और समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। यह आयोजन निगम की इसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।बता दें कि ‘परपल फेस्ट’ हर वर्ष राष्ट्रपति भवन में दिव्यांग जनों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया जाता है। इस बार एमसीडी के छात्रों को इस मंच पर पहली बार हिस्सा लेने का मौका मिलना उनके लिए एक बड़ी सफलता है।




















