Gujarat News: गुजरात के अहमदाबाद जिले के धंधुका शहर में शनिवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या के बाद भयंकर सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी। मोटरसाइकिल दुर्घटना को लेकर हुई कहासुनी के बाद तनाव इतना बढ़ गया कि दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
ये है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर धंधुका में एक मोटरसाइकिल दुर्घटना को लेकर दो पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। युवक की मौत की खबर फैलते ही आक्रोशित भीड़ सड़कों पर उतर आई और न्याय की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक झड़पों का रूप ले गया।
आगजनी और पथराव से उग्र हुआ माहौल
गुस्साए भीड़ ने शहर के कई हिस्सों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। दोनों समुदायों के लोगों के बीच जमकर पथराव हुआ। उपद्रवियों ने सड़कों पर खड़े कई वाहनों और संपत्तियों को निशाना बनाया और उनमें आग लगा दी। आग की लपटों और भगदड़ ने शहर को एक युद्धक्षेत्र में तब्दील कर दिया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 जवानों ने संभाली कमान
हिंसा की खबर लगते ही प्रशासन हरकत में आया। अहमदाबाद रूरल के एसपी ओम प्रकाश जाट ने बताया कि इलाके में 150 पुलिसकर्मियों की एक बड़ी टीम को तैनात किया गया है। पुलिस ने सीधे अपराधियों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है।
एसपी ओम प्रकाश जाट ने कहा कि हमारे पास लगभग 150 लोगों की एक टीम है, और वे शहर के सभी हिस्ट्री-शीटर्स, क्रिमिनल रिकॉर्ड वालों के घरों की तलाशी कर रहे हैं। अगर किसी के घर में कुछ भी संदिग्ध मिलता है, तो हम उसे ज़ब्त कर लेंगे और उनके खिलाफ़ कार्रवाई करेंगे। पूरे इलाके में यह लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी, और अगर कुछ भी गैर-कानूनी मिलता है, तो हम उसके खिलाफ़ तुरंत एक्शन लेंगे।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2-3 संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, हिंसा भड़काने के आरोप में दो से तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर और गिरफ्तारियां होंगी।
अभी भी बना हुआ है तनाव
फिलहाल, भारी पुलिस बल के तैनात होने और लगातार गश्त के कारण स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है, लेकिन शहर में डर और तनाव का माहौल अभी भी कायम है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देकर शांति बनाए रखने की अपील की है।

















