Delhi MCD Budget: दिल्ली विधानसभा में मंगलवार (24 मार्च 2026) को पेश किए गए बजट ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में काफी हलचल पैदा कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस बजट को लेकर दिल्ली के मेयर राजा इकबाल ने इसे ‘ऐतिहासिक’ करार दिया है। उन्होंने इसे ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है।
नगर निगम को मिली रिकॉर्ड फंडिंग
मेयर राजा इकबाल ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया कि बजट में दिल्ली नगर निगम (MCD) के लिए 11,266 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो अब तक के सबसे बड़े आवंटनों में से एक है। उन्होंने इसे केंद्र, राज्य और स्थानीय स्तर के बेहतर तालमेल का नतीजा बताया। मेयर का कहना है कि इस समन्वय से अब संसाधनों की कमी विकास कार्यों में बाधा नहीं बनेगी और कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा अपेक्षा से अधिक वित्तीय सहयोग देने के फैसले की सराहना की और कहा कि यह कदम सरकार की जनता की जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का प्रमाण है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार भी जताया।
यह भी पढ़ें : दिल्ली: करोल बाग में भीषण सड़क हादसा, बस पलटी; 2 की मौत, कई घायल
सड़कों और सीवर व्यवस्था के लिए बड़ा निवेश
इस बजट का सबसे अहम पहलू बुनियादी ढांचे के विकास पर फोकस है। बजट में दिल्ली की सड़कों के सुधार के लिए 1,000 करोड़ रुपये और औद्योगिक क्षेत्रों व सीवर व्यवस्था के लिए 160 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मेयर के अनुसार यह निवेश राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि पहले इस स्तर पर ऐसा निवेश शायद ही देखने को मिला था।
पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास को नई दिशा
मेयर राजा इकबाल ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली के विकास को नई दिशा और गति मिल रही है। यह बजट न सिर्फ वित्तीय प्रावधानों के लिहाज से अहम है, बल्कि इससे दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।


















