नासिक में कुएं में गिरी कार, 6 मेधावी छात्रों समेत 9 की डूबने से मौत

कोचिंग कक्षा की गैदरिंग से लौट रही कार कुएं में गिरी

Maharashtra News: महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक दिलदहला देने वाला हादसा सामने आया है। डिंडोरी तालुका के शिवाजीनगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक प्राइवेट कोचिंग सेंटर की सोशल गैदरिंग से लौटते समय एक कार अनियंत्रित होकर खुले कुएं में गिर गई। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के 6 छात्रों समेत कुल 9 लोगों की मौत हो गई है।

पूरा परिवार था कार में सवार

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को शिवाजीनगर स्थित राज बैंक्वेट हॉल और वेडिंग वेन्यू में एक प्राइवेट कोचिंग क्लास की ओर से सोशल गैदरिंग का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में शहर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में छात्र और उनके अभिभावक शामिल हुए थे। इंदौर गांव निवासी दरगोड़े परिवार भी इस इवेंट में शामिल हुआ था।

यह भी पढ़ें : राघव चड्ढा की ‘खामोशी’ बनी विवाद की जड़

करीब रात 10 बजे जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दरगोड़े परिवार अपनी ‘आर्टिगा’ कार से घर वापस लौट रहा था, तभी अचानक वेडिंग वेन्यू के पास स्थित एक खेत के खुले कुएं में कार जा गिरी। हादसा इतना तेज था कि कार सवारों को कुछ समझ ही नहीं पाया।

पानी भरे कुएं ने बढ़ाई मुश्किलें, क्रेन से निकाली गई कार

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्राम पंचायत की फायर ब्रिगेड, डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, कुएं में भरे पानी ने बचाव कार्य को चुनौतीपूर्ण बना दिया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात एक क्रेन की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक तो सभी 9 लोगों की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने दी आधिकारिक जानकारी

डिंडोरी पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर (PI) भगवान मथुरे ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया, “कार्यक्रम से लौटते समय उनकी कार मैरिज हॉल के बगल में बने कुएं में गिर गई। इसमें 6 छात्रों समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। देर रात क्रेन की मदद से गाड़ी को निकाला गया है। आज (शनिवार) सुबह शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।”

यह भी पढ़ें :  Origin of Almanac: धार्मिक क्रियाओं के समय निश्चित करने के लिए हुई पंचांग की उत्पत्ति

हादसे के असली कारणों की जांच अभी जारी है। यह माना जा रहा है कि अंधेरा होने और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। एक ही परिवार के 9 लोगों को अचानक खोने से पूरे नासिक जिले में गहरा शोक और सन्नाटा पसर गया है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now