BJP Government: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन का बड़ा ऐलान हो चुका है। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को करारी शिकस्त देते हुए सत्ता दखलने की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की सरकार गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल का केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। राज्य में 9 मई को नई सरकार के शपथग्रहण का कार्यक्रम तय किया गया है।
अमित शाह और मोहन माझी संभालेंगे बंगाल की कमान
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति (5 मई 2026) के अनुसार, पार्टी के संसदीय बोर्ड ने विधायक दल (MLA) के नेता के चुनाव हेतु अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। ये दोनों नेता बंगाल में विधायक दल की बैठक कराकर नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को पूरा करेंगे।
बंगाल के नतीजों ने दिखाया चुनावी भूचाल
सोमवार को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों ने पूरे देश को चौंका दिया। 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 148 है, जहां भाजपा ने 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक का बहुमत हासिल कर लिया। टीएमसी सिमटकर 81 सीटों पर रह गई। कांग्रेस और वामपंथी पार्टियों को मात्र 2-2 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि अन्य ने 2 सीटें जीतीं।
गौरतलब है कि भाजपा ने बंगाल में एक लंबी राजनीतिक यात्रा तय की है। वर्ष 2011 में मात्र लगभग 4 प्रतिशत वोट शेयर वाली पार्टी ने 2019 तक लगभग 40 प्रतिशत वोट हासिल कर लिए थे। 2021 में 77 सीटें जीतकर विपक्ष की मुख्य शक्ति बनने के बाद, पार्टी ने 2026 में यह ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया है।
असम में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार
पश्चिम बंगाल के साथ-साथ असम में भी भाजपा ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। यहां पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता पर कब्जा कर ऐतिहासिक हैट्रिक लगाई है। असम के लिए भाजपा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
अमित शाह ने जताया आभार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम की जनता को ‘ऐतिहासिक हैट्रिक जनादेश’ के लिए बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील असम बनाने के प्रयासों को मजबूत समर्थन है।”
शाह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ‘डबल इंजन’ सरकार में जनता के अटूट विश्वास ने असम को अशांति की भूमि से आशा और विकास की भूमि बदल दिया है। यह असीम स्नेह हमारे संकल्प को और मजबूत कर रहा है। अब सभी की नजरें 9 मई के शपथग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जब पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई सरकार औपचारिक रूप से सत्ता संभालेगी।























