ऋषी तिवारी
देश भर में रसोई गैस (LPG) की किल्लत को लेकर संसद भवन के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चाय-बिस्किट खाते हुए वायरल तस्वीरों पर भाजपा (BJP) ने तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इसे संसद के नियमों का खुला उल्लंघन बताते हुए राहुल गांधी पर ‘लोकतंत्र का अपमान’ करने का आरोप लगाया है। पटना स्थित बिहार भाजपा (BJP) कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
‘सदन में विरोध नहीं, पिकनिक मना रहे थे राहुल’
भाजपा (BJP) प्रवक्ता ने राहुल गांधी के इस कदम को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और लोकतंत्र का अपमान बताया। उन्होंने कहा, “सदन के मकर द्वार पर प्रदर्शन नहीं, बल्कि पिकनिक मनाई जा रही थी। राहुल गांधी विरोध के नाम पर वहां बैठकर चाय पी रहे थे।” उन्होंने 12 मार्च को लोकतंत्र के लिए एक ‘काला दिन’ करार दिया।
रूल 384 का उल्लंघन और कानून से ऊपर होने का सवाल
गुरु प्रकाश ने आरोप लगाया कि लोकसभा अध्यक्ष की स्पष्ट मनाही के बावजूद किया गया यह कृत्य संसद के ‘रूल 384’ का सीधा और खुला उल्लंघन है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “कानून की नजर में सभी नागिरक बराबर हैं, तो क्या राहुल गांधी खुद को देश के कानून और संविधान से ऊपर समझते हैं?” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब कोई फैसला कांग्रेस के पक्ष में नहीं आता, तो उनके लिए न्यायालय और चुनाव आयोग दोषी हो जाते हैं, और अब वे सीधे लोकतंत्र के मंदिर का अपमान कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : ईरान युद्ध के बीच बड़ी राहत! मिडिल ईस्ट से दिल्ली-मुंबई के लिए चलेंगी इंडिगो की फ्लाइट्स
‘सत्ता से दूरी ने बिगाड़ा मानसिक संतुलन’
राहुल गांधी पर सबसे बड़ा हमला उन्होंने उनकी मानसिकता पर किया। गुरु प्रकाश ने कहा, “दरअसल, लंबे समय तक सत्ता से दूर रहने के कारण उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। देश को ऐसे लोगों से सावधान रहने की सख्त जरूरत है।”
LPG संकट पर सरकार का बचाव
एलपीजी किल्लत के मुद्दे पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए BJP प्रवक्ता ने सरकार का पुरजोर बचाव किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश की महिलाएं धुएं वाले चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘उज्ज्वला योजना’ ने हर घर को गैस से जोड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संसद में संबंधित मंत्री और अधिकारियों ने यह जानकारी दी है कि देश में गैस और तेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और मौजूदा स्थिति कांग्रेस के शासनकाल की तुलना में कहीं अधिक बेहतर है।





















