West Bengal Assembly Election 2026:पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गरमाहट बढ़ गई है। भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर में अपना सबसे बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी को इस हाई-प्रोफाइल सीट से मैदान में उतारा है, जिससे यह चुनावी मुकाबला काफी रोमांचक बन गया है। सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि इस बार ममता बनर्जी को करीब 25 से 30 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ेगा।
सुवेंदु का दावा: ‘ममता का जाना तय है’
भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने अपने उम्मीदवार घोषित होने के बाद भवानीपुर का पहला दौरा किया। क्षेत्र के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया, जिसके बाद सुवेंदु ने हमला बोलते हुए कहा, “आज शुरुआत हो गई है, ममता का जाना तय है। आने वाले दिनों में वोटिंग की हवा एकदम सुनामी के रूप में तब्दील होगी।” उन्होंने कहा कि पूरा बंगाल ‘भगवामय’ हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की लहर हर तरफ दिख रही है।
यह भी पढ़ें : नोरा फतेही के खिलाफ फतवे के बीच, जानें फतवों के अजीबोगरीब दायरे
नंदीग्राम की बनी थी गवाह
यह पहली बार नहीं होगा जब सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी आमने-सामने होंगी। 2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराया था। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। इस बार भाजपा ने सुवेंदु को नंदीग्राम के साथ ही भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ने का मौका दिया है, जबकि ममता बनर्जी ने भवानीपुर को अपना मैदान चुना है।
क्या है भवानीपुर का समीकरण?
भवानीपुर की सियासत बेहद जटिल मानी जाती है। यहां बंगाली, गुजराती, सिख और मुस्लिम मतदाताओं का एक मिश्रित आबादी निवास करती है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक टीएमसी का गढ़: वार्ड 73, 77 और 82 में पारंपरिक रूप से तृणमूल कांग्रेस का दबदबा रहा है। भाजपा का बढ़ता प्रभाव: वार्ड 63, 70, 71, 72 और 74 में, खासकर गैर-बंगाली व्यापारी वर्ग के बीच भाजपा की पकड़ मजबूत हुई है।

खतरे की घंटी या सिर्फ दावा?
हालिया आंकड़े टीएमसी के लिए चिंता का विषय हो सकते हैं। 2021 में जहां इस सीट पर टीएमसी को 59 हजार वोटों की बढ़त मिली थी, वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में यह अंतर घटकर करीब 8 हजार वोटों तक सिमट गया। इसे देखते हुए भाजपा को उम्मीद है कि सुवेंदु के रूप में मजबूत उम्मीदवार उतारकर वे इस अंतर को पाट सकती हैं। वहीं, ममता बनर्जी ने भी भरोसा दिलाया है कि वह भवानीपुर के साथ-साथ अन्य सीटें भी आसानी से जीतेंगी।
























