बिजनौर में योगी का तीखा हमला, कहा- बांटने वालों से रहें सावधान

मुख्यमंत्री ने बिजनौर की भौगोलिक और धार्मिक भव्यता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जहां भगवान श्रीकृष्ण महात्मा विदुर के घर 'साग' खाने आए थे और जिस जनपद को मां गंगा का पवन स्पर्श प्राप्त है, वहां का वातावरण हमेशा सकारात्मक रहा है।

योगी ने बिजनौर में बोला बड़ा बयान, जिन्ना नहीं गन्ना पसंद

HIGHLIGHTS

  • बिजनौर को मिली बंपर सौगात, 76 प्रोजेक्ट और माफिया मुक्ती का दावा
  • जिन्ना नहीं गन्ना चाहिए, बिजनौर में योगी ने सपा-कांग्रेस को दी सजा
  • योगी का बड़ा ऐलान, बिजनौर से हरिद्वार तक जाएगा गंगा एक्सप्रेसवे
  • 100 रुपये में से 85 खाते थे, बिजनौर में योगी ने लगाई करारी फटकार
  • बेटियों को बड़ी राहत, बिजनौर में योगी ने खोला नया नर्सिंग कॉलेज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर की धरती पर विकास की एक बड़ी बहार लाई। उन्होंने बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1003 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 76 अहम परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम योगी ने जनसमूह को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि 2017 से पहले के शासकों के लिए बिजनौर आना अपशकुन माना जाता था, जबकि सच्चाई यह थी कि वे खुद अपशकुन थे।

पवित्र भूमि है बिजनौर, विकास की नई पहचान बना

मुख्यमंत्री ने बिजनौर की भौगोलिक और धार्मिक भव्यता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जहां भगवान श्रीकृष्ण महात्मा विदुर के घर ‘साग’ खाने आए थे और जिस जनपद को मां गंगा का पवन स्पर्श प्राप्त है, वहां का वातावरण हमेशा सकारात्मक रहा है। उन्होंने कहा कि आज यह जनपद विकास की नई पहचान बन चुका है। हाईवे, रेलवे नेटवर्क और मेडिकल कॉलेज जैसी आधुनिक सुविधाओं ने यहां के ढांचे को पूरी तरह बदल दिया है। योगी ने स्पष्ट किया कि अब विकास का केंद्र सिर्फ लखनऊ नहीं है, बल्कि जनता द्वारा चुने गए सांसद और विधायक ही इसकी रफ्तार तय कर रहे हैं।

अपने चुभाऊ भाषण में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को दंगे, गुंडागर्दी और माफिया राज वाला बिजनौर पसंद था, वे समाज को बांटने वाले ताकतें हैं, जिन्हें जिन्ना की विचारधारा पसंद है। किंतु हमारी सरकार को जिन्ना नहीं, बल्कि किसानों का गन्ना पसंद है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों की मांग पर सरकार ने गन्ने का दर 400 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। 2017 से पहले किसानों को भुगतान के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ती थीं, लेकिन अब समय पर पैसा उनके खाते में आ रहा है।

माफिया और अपराध से मुक्त हुआ जनपद

योगी आदित्यनाथ ने पिछले दौर की कानून-व्यवस्था की करारी आलोचना करते हुए वर्ष 2016 का जिक्र किया, जब राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) के एक डिप्टी एसपी और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि जब अपराधियों का राज था, तब त्योहारों जैसे कांवड़, जन्माष्टमी और रामनवमी पर प्रतिबंध लगाना पड़ता था। आज भयमुक्त वातावरण में सभी धार्मिक अनुष्ठान धूमधाम से हो रहे हैं। बेटियां सुरक्षित हैं, व्यापारी निर्भय हैं और बिजनौर पूरी तरह से माफिया मुक्त हो चुका है।

डबल इंजन की सरकार के प्रभाव को गिनाते हुए सीएम ने कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर होते हुए हरिद्वार तक जोड़ने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसके साथ ही, मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज से जनपद की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नर्सिंग सेक्टर में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की संभावना के कारण यह संस्थान स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगा। इसके अलावा, विधायक शुचि चौधरी की फ्लाईओवर की मांग पर उन्होंने तत्काल प्रस्ताव मांगते हुए स्वीकृति का आश्वासन दिया।

सपा-कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और बांटने का आरोप

सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर प्रहार किया। एक पूर्व प्रधानमंत्री के बयान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पहले केंद्र से भेजे गए 100 रुपये में से मात्र 15 रुपये ही जरूरतमंद तक पहुंच पाते थे, बाकी 85 रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। आज डीबीटी (Direct Benefit Transfer) प्रणाली के माध्यम से किसान सम्मान निधि, पेंशन और राशन की रकम सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जा रही है।

उन्होंने देश विभाजन का दोष कांग्रेस पर मढ़ते हुए बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और योगेंद्र नाथ मंडल की तुलना की। उन्होंने कहा कि जहां बाबा साहेब ने देश के लिए काम किया, वहीं मंडल पाकिस्तान चले गए और बाद में वापस लौटने पर मजबूर हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ राजनीतिक दल आज भी बाबा साहेब का नाम लेकर मंडल की तरह समाज को जातिवाद के नाम पर बांटने का कुकृत्य कर रहे हैं।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now