Bihar News: बिहार में दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षित बिक्री सुनिश्चित करने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने छह जिलों में विशेष जांच अभियान चलाया। 26 और 27 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के कुल 14 दवा प्रतिष्ठानों तथा गोदामों में निरीक्षण और छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 109 औषधियों की बिक्री और निपटान पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता जांच के लिए 22 दवाओं के नमूने लिए गए, जबकि भागलपुर और मधुबनी में करीब 11,965 रुपये मूल्य की औषधियां जब्त की गईं।
विभाग के अनुसार, जांच का उद्देश्य दवाओं की खरीद, भंडारण और बिक्री से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करना और अवैध कारोबार पर रोक लगाना है। जिन प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं मिली हैं, उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा या नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पटना में पांच दवा दुकानों की जांच
पटना के गोविंद मित्रा रोड क्षेत्र में पांच दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सभी जगहों पर खरीद-बिक्री के दस्तावेज, स्टॉक और एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव से संबंधित खामियां सामने आईं। जांच टीम ने 68 औषधियों की बिक्री या निपटान पर रोक लगाई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए 11 दवाओं के नमूने भी लिए गए।
आर.आर.बी. ड्रग एजेंसी में तीन प्रकार की दवाओं के खरीद बिल नहीं दिखाए जा सके। इसलिए प्रपत्र-15 जारी कर संबंधित दवाओं के निपटान पर रोक लगाई गई। बिक्री के रिकॉर्ड और स्टॉक में भी अनियमितताएं मिलीं। एक्सपायरी दवाओं को रखने की व्यवस्था नियमों के अनुरूप नहीं थी और एक्सपायरी रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था। यहां से तीन दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए गए।
राजधानी मेडिको, उदय पैलेस में साइन बोर्ड नहीं मिला। दो दवाओं के खरीद दस्तावेज और बिक्री रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए गए। संबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाते हुए दो नमूने जांच के लिए लिए गए।
वैशाली इंटरप्राइजेज में 15 प्रकार की दवाओं के खरीद बिल नहीं मिले। दस्तावेज क्रमवार व्यवस्थित नहीं थे और बिक्री रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया। एक्सपायरी रजिस्टर नहीं मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की तथा दो दवाओं के नमूने लिए।
न्यू प्रभात फार्मा में 23 दवाओं के खरीद बिल और बिक्री से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इन दवाओं की बिक्री रोकने के लिए प्रपत्र-15 जारी किया गया। यहां से दो नमूने लिए गए। न्यू मां भवानी फार्मा में 25 प्रकार की दवाओं के खरीद बिल नहीं मिले। इसके अलावा दो गैर-अनुमोदित दवाओं की बिक्री और वितरण पर भी रोक लगाई गई। प्रतिष्ठान से दो नमूने जांच के लिए लिए गए।
भागलपुर में बिना लाइसेंस चल रहा था मेडिकल हॉल
भागलपुर के नाथनगर स्थित ललमटिया की मारवाड़ी पट्टी में शंकर मेडिकल हॉल बिना वैध अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। छापेमारी के दौरान करीब 11,000 रुपये मूल्य की 77 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं। दुकान के रैक पर एक्सपायरी दवाएं और छह प्रकार की होम्योपैथिक औषधियां भी मिलीं। पर्याप्त मात्रा उपलब्ध नहीं होने के कारण नमूने नहीं लिए जा सके। संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एम.पी.डी. रोड स्थित अनिल मेडिकल एजेंसी में जांच जारी थी।
मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी स्थित ननौर चौक के हिन्दुस्तान मेडिकल हॉल में छह प्रकार की दवाओं के खरीद दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने इनके बिक्री और निपटान पर रोक लगाई। यहां एक्सपायरी बेट 0.5 एमएल इंजेक्शन की 72 यूनिट जब्त की गईं, जिनकी कीमत 964.80 रुपये बताई गई है। खरीद और बिक्री के अभिलेखों में भी गड़बड़ी मिलने पर प्रतिष्ठान से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
गयाजी में चार जगहों पर कार्रवाई
गयाजी में गौरव फार्मा समेत चार स्थानों पर छापेमारी हुई। गौरव फार्मा में कारोबार पहले समर्पित की जा चुकी अनुज्ञप्ति के आधार पर संचालित पाया गया। चार दवाओं के खरीद बिल नहीं दिखाए जाने पर उनकी बिक्री रोक दी गई और छह नमूने जांच के लिए लिए गए। दुकान में रेफ्रिजरेटर और साइन बोर्ड नहीं था। बिक्री रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए गए और एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग भंडारण स्थान भी नहीं मिला। दवाओं के भंडारण में निर्धारित नियमों का पालन नहीं पाया गया।
एफ.बी.एस. रोड और मुरारपुर स्थित मां जगदम्बा एजेंसी तथा टेकारी रोड की जगदम्बा एजेंसी में भी जांच की गई। यहां एक्सपायरी दवाएं जब्त की गईं और 31 औषधियों की बिक्री पर रोक लगाई गई। प्रपत्र-17 और 17A के तहत पांच दवाओं के नमूने लिए गए। गयाजी में चार स्थानों पर हुई कार्रवाई में कुल 35 औषधियों की बिक्री रोकी गई और 11 नमूने जांच के लिए भेजे गए।
मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में जांच जारी
मुजफ्फरपुर के सरैयागंज स्थित शाकंभरी ड्रग्स में एक्सपायरी दवाओं के भंडारण के लिए अलग जगह और संबंधित रजिस्टर नहीं मिला। खरीद बिल व्यवस्थित नहीं थे और बिक्री रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग 24 घंटे के भीतर प्रतिष्ठान को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करेगा। समस्तीपुर के मूलचंद रोड स्थित भगवती फार्मा में छापेमारी की कार्रवाई जारी थी।
औषधि नियंत्रण विभाग ने बताया कि दवाओं की खरीद, भंडारण, वितरण और बिक्री की निगरानी आगे भी जारी रहेगी। जांच में मिली खामियों के आधार पर संबंधित दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिल सकें।


























