संध्या समय न्यूज
बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी प्रेमिका से मिलने ‘डिलीवरी बॉय’ का भेष धारण कर पहुंचे एक युवक का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला है। घटना के समय घर में पुरुषों की गैरमौजूदगी और सिर्फ महिलाओं के होने से मामला और उलझ गया है। पुलिस ने प्रेमिका और उसकी देवरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि आरोपी महिला के घर के सभी पुरुष सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
यह है पूरा मामला
मामला मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर बाजार का है। बरारी थाना क्षेत्र के रहने वाले विनायक पंडित का मनिहारी के ही तेज नारायण पंडित की छोटी बहू आरती देवी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों के बीच यह अवैध संबंध पिछले दो वर्षों से चल रहा था। बीती रात विनायक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए ‘डिलीवरी बॉय’ बनकर उसके घर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, उसने कपड़े देने का बहाना बनाया था। इस दौरान कुछ ऐसा हुआ कि विनायक की जान चली गई और उसका शव फंदे से लटका मिला। स्थानीय लोगों की चर्चा है कि आरती के घरवालों ने हत्या करने के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें : अक्षय कुमार ने बदला गियर, अब खिलाड़ी नहीं ‘हैवान’ बनकर डराएंगे
देवरानी का बयान
घटना के संबंध में आरती की देवरानी फूलो देवी ने बताया कि विनायक खुद को डिलीवरी बॉय बताकर आया था। उसने कहा था कि वह कपड़ा देने के लिए आया है। फूलो देवी का आरोप है कि जब वे उस कमरे में गईं, तो विनायक आरती के साथ आपत्तिजनक हालत में सोता हुआ मिला।
पुलिस की जांच
मनिहारी पुलिस को रात करीब 9 से 10 बजे के बीच सूचना मिली थी कि कुमारीपुर में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है। घटना के समय घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था, सिर्फ महिलाएं थीं। ऐसा लग रहा है कि युवक को बुलाया गया था। पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कह पा रही है कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या को आत्महत्या का रूप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण सामने आ पाएगा। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
























